पश्चिम चंपारण के रघिया वन क्षेत्र में भालू का शिकार, दो शिकारी गिरफ्तार

बुधवार की सुबह डुमरी के समीप मिला भालू का शव। एक दिन पूर्व भी शिकारियों के जाल में फंसा था भालू। गिरफ्तार शिकारियों ने अपराध कबूला, तीन की खोज जारी।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Wed, 23 Jan 2019 06:12 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jan 2019 06:12 PM (IST)
पश्चिम चंपारण के रघिया वन क्षेत्र में भालू का शिकार, दो शिकारी गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण के रघिया वन क्षेत्र में भालू का शिकार, दो शिकारी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। वाल्मीकि टाईगर रिजर्व में जंगली जानवरों के शिकार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को शिकारियों के जाल में फंसे एक भालू के रेस्क्यू में जुटे वनकर्मियों ने अभी राहत की सांस भी नहीं ली थी कि बुधवार की सुबह वीटीआर के रघिया वन क्षेत्र में भालू के शिकार की सूचना से सनसनी फैल गई। रघिया के कक्ष संख्या 58 में शिकारियों ने जाल लगाया था।

 भालू के फंसने के बाद शिकारियों ने धारदार हथियार से उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि भय के कारण वे भालू के शव को नहीं ले जा सके। बुधवार की सुबह गश्त पर निकले वन कर्मियों ने डुमरी चेकपोस्ट के समीप से भालू का शव बरामद किया। वन प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरी गांव से दो शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

 रेंजर रहीमुद्दीन अहमद ने बताया कि भालू के सिर पर कुल्हाड़ी से मारकर उसे मौत के घाट उतारा गया है। गिरफ्तार शिकारियों क्रमश: सरयू महतो व राजेश्वर महतो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों क्रमश: तारकेश्वर महतो, अनिल कुमार व योगेंद्र महतो के नाम बताया है।

 जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। गिरफ्तार शिकारियों को पूछताछ के बाद जेल भेजा जाएगा। दूसरी ओर भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए नरकटियागंज पशु अस्पताल भेजा गया है।

chat bot
आपका साथी