ललन सिंह के सम्मान भोज में पुलिस की सख्‍ती पर भाजपा ने कसा तंज, कार्यक्रम में आपस में उलझ रहे थे कार्यकर्ता

Maha Bhoj Program Of Lalan Singh मुंगेर सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह की ओर से रविवार को पाेलो मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान भोज पर भाजपा नेताओं ने कटाक्ष किया। (फोटो- माइकिंग के जरिए लोगों को शांतिपूर्वक बैठने की अपील करते जदयू प्रदेश सचिव)

By Ajit PathakEdited By: Publish:Sun, 14 May 2023 09:52 PM (IST) Updated:Sun, 14 May 2023 09:52 PM (IST)
ललन सिंह के सम्मान भोज में पुलिस की सख्‍ती पर भाजपा ने कसा तंज, कार्यक्रम में आपस में उलझ रहे थे कार्यकर्ता
ललन सिंह के सम्मान भोज में पुलिस की सख्‍ती पर भाजपा ने कसा तंज

मुंगेर, जागरण संवाददाता: मुंगेर सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह की ओर से रविवार को पाेलो मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान भोज पर भाजपा नेताओं ने कटाक्ष किया तो दूसरी ओर जदयू नेताओं ने इस पर पलटवार किया।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. रामसागर सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मान भोजन में मटन के साथ मुक्का की भी व्यवस्था थी। दूसरी ओर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मान भोज ललन सिंह की विदाई भोज में बदल गया। सांसद प्रलोभन देकर वोट लेना चाह रहे हैं। वे दो बार प्रधानमंत्री का नाम लेकर ही संसद पहुंचे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल ने कहा कि महागठबंधन के महाभोज में उमड़े सैलाब को देख भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।

वैसे जब से सम्राट चौधरी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, फूहड़ता और गलत सलीके की बयानबाजी भाजपा की पहचान बन गई है। एक दिन पहले कर्नाटक में हुई जबरदस्त हार से भाजपाइयों का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।

शहर स्थित पोलो मैदान में रविवार को मुंगेर और जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित सम्मान भोज संपन्न हुआ। 35 हजार के आसपास लोग इस सम्मान भोज में शामिल हुए। 

इस दौरान बैठने को लेकर कार्यकर्ता आपस में उलझ गए, सभी को पुलिस ने सख्ती बरतते हुए शांत कराया। इस कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच रही। सम्मान भोज का आगाज बैंड-बाजे की आवाज के साथ हुआ। 

सम्मान भोज में शामिल होने के लिए सुबह से बसों और चार पहिया वाहनों में भरकर लोग पहुंचने लगे थे। भोज में मांसाहारी और शाकाहारी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई। मुंगेर सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह खुद कार्यकर्ताओं और जनता से पंडाल में पूछते दिखे।

सम्मान भोज सुबह 11.30 बजे से शुरू होकर शाम तक चला। बोतल बंद पानी से लेकर प्लेट भी भीड़ की संख्या से ज्यादा मंगाई गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, जल संसाधन मंत्री संजय झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलेश कुमार, तारापुर विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व एमलसी संजय प्रसाद सहित कई वरीय नेतागण भी थे। 

भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। क्यूआरटी की पांच टीमों को लगाया गया था। व्यवस्था में जदयू के जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल, प्रदेश सचिव सौरभ निधि, प्रवक्ता विमलेंदू राय, युवा जदयू जिलाध्यक्ष विक्की गुप्ता, राजद से अविनाश कुमार विद्यार्थी सहित महागठबंधन के कई नेतागण थे। 

जिलाध्यक्ष ने कहा कि बड़ी संख्या में अचानक कार्यकर्ता पहुंच गए, इस कारण कुछ देर के लिए अव्यवस्था हुई। व्यवस्थित करने के लिए पुलिस ने थोड़ी सख्ती बरती। 

ललन सिंह ने मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ किया भोजन 

एक तरफ कार्यकर्ताओं को भोजन कराया जा रहा था, सांसद ने सभी से मिलकर कुशलक्षेम पूछा। इसके बाद पंडाल के दूसरे कोने में मेयर कुमकुम देवी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, जल संसाधन मंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व मंत्री शैलेश कुमार सहित अन्य नेताओं के साथ भोजन किया। भोजन करने के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घूम-घूम कर कार्यकर्ताओं से भोजन के बारे में जानकारी ली।

chat bot
आपका साथी