धनछीहा में बन रहे बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण 15 दिनों में करें पूरा : डीएम

मधुबनी । जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का जायजा ले रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 May 2022 11:46 PM (IST) Updated:Thu, 19 May 2022 11:46 PM (IST)
धनछीहा में बन रहे बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण 15 दिनों में करें पूरा : डीएम
धनछीहा में बन रहे बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण 15 दिनों में करें पूरा : डीएम

मधुबनी । जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को उन्होंने लौकही प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने लौकही प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय, लौकही के निरीक्षण के दौरान पंजी संधारण को लेकर कई कमियां पाई गई। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि अगले पंद्रह दिनों में सभी पंजियों को नियमानुकूल अद्यतन कर अनुपालन रिपोर्ट उपस्थापित करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी लौकही प्रखंड के धनछीहा में मुख्यमंत्री राहत कोष से बन रहे बाढ़ आश्रय स्थल के निर्माण कार्य का जायजा लेने निर्माण स्थल पर भी पहुंचे। इस बाढ़ आश्रय स्थल में भू तल पर एक सौ मवेशियों को भी रखने की सुविधा होगी। वहीं, प्रथम तल पर लगभग एक हजार लोग बाढ़ की विभीषिका के दौरान आश्रय ले सकते हैं। डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली वस्तुओं की गुणवत्ता की जांच के भी निर्देश दिए। डीएम ने निर्देश दिया कि पंद्रह दिनों में निर्माण कार्य पूर्ण कर जिला को रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बाढ़ आश्रय स्थल पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि बाढ़ आश्रय स्थल से सटे विद्यालय में कुछ दबंगों द्वारा भूमि का अतिक्रमण कर लिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।

अपने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी लौकही प्रखंड के नरेंद्रपुर पंचायत में तिलयुगा नदी के प्रवाह का जायजा लेने भी पंहुचे। उन्होंने विगत वर्षों में नदी के प्रवाह और जल उत्प्लावन से होने वाली जान माल की क्षति की भी जानकारी ली। इस अवसर पर फुलपरास के अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, लौकही के प्रखंड विकास पदाधिकारी रीतम कुमार चौहान, अंचल अधिकारी कुमार विमल सहित प्रखंड प्रमुख एवं प्रखंड व अंचल कर्मी, पर्यवेक्षीय पदाधिकारी आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी