दीपावली से लोगों में उत्साह, बाजारों में चहल-पहल

मधेपुरा। अंधकार पर प्रकाश अज्ञानता पर प्रकाश रूपी ज्ञान व दीपों का प्रकाश पर्व दीपावली की सा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 13 Nov 2020 05:40 PM (IST) Updated:Fri, 13 Nov 2020 05:40 PM (IST)
दीपावली से लोगों में उत्साह, बाजारों में चहल-पहल
दीपावली से लोगों में उत्साह, बाजारों में चहल-पहल

मधेपुरा। अंधकार पर प्रकाश, अज्ञानता पर प्रकाश रूपी ज्ञान व दीपों का प्रकाश पर्व दीपावली की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। मौके पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न काली मंदिरों में आयोजित होने वाली काली पूजा की भी तैयारी कर ली गई है। दीपावली को लेकर आमजनों में जहां काफी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखी जा रही है। प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर आमलोगों ने जहां अपने-अपने घरों व व्यवसायियों ने अपने-अपने दुकानों व प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई व रंग रोगन का कार्य पूर्ण कर लिया है। वहीं घर से लेकर दुकान व प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगे झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया है। जबकि मुख्यालय के रायब्रदर्स दुर्गा मंदिर, समाज कल्याण चौक स्थित काली मंदिर, गणेशपुर काली मंदिर, ज्ञान विकास बघरा काली मंदिर, मरूवाही काली मंदिर, औराय काली मंदिर व करामा स्थित काली मंदिर में मूर्तिकारों ने जहां मां कालिका सहित विभिन्न देवी-देवताओं की भव्य व आकर्षक प्रतिमा को अंतिम रूप दे दी है। वहीं पूजा-अर्चना की भी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी जगहों पर मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। पूजा कमेटी द्वारा इस बाबत स्थानीय प्रशासनिक निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। दीपावली व काली पूजा को लेकर स्थानीय बाजारों में सजी पटाखे की दुकान पर बच्चों की काफी संख्या में भीड़ देखी जा रही है। मौके पर मिठाई आदि की दुकानें भी सज चुकी है। साथ ही मुख्यालय के मुख्य बाजार में दीपावली एवं काली पूजा को लेकर काफी चहल-पहल देखी जा रही है। आमलोग जरुरत के सामग्रियों की खरीदारी में जी-जान से जुटे हैं।

chat bot
आपका साथी