मुखिया को 34 लाख रुपये जमा करने का मिला नोटिस

संवाद सूत्र (सिंहेश्वर) मधेपुरा : प्रखंड के जजहट सवैला पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को 34 लाख 15

By Edited By: Publish:Thu, 18 Dec 2014 06:49 PM (IST) Updated:Thu, 18 Dec 2014 06:49 PM (IST)
मुखिया को 34 लाख रुपये
जमा करने का मिला नोटिस

संवाद सूत्र (सिंहेश्वर) मधेपुरा : प्रखंड के जजहट सवैला पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को 34 लाख 15 हजार रुपये जमा करने की नोटिस दी गयी है। बीडीओ द्वारा मुखिया एवं पंचायत सचिव को पत्र भेजकर सात दिनों के भीतर उक्त राशि जमा करने को कहा गया है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने जांच के दौरान योजनाओं में मिली धांधली के बाद राशि वसूली की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इससे पूर्व योजनाओं में धांधली के कारण ही पंचायत के मुखिया सोगरा खातून को पदच्युत करने का प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा राज्य सरकार को भेजा गया है। 16 दिसम्बर को बीडीओ अजीत कुमार ने जजहट-सवैला पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को पत्र भेजकर सात दिनों के अंदर 34 लाख 15 हजार रुपये जमा करने को कहा है। सात दिनों के अंदर राशि जमा नहीं करने की स्थिति में विधि सम्मत कार्रवाई की बात कही गयी है।

बताते चलें कि जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा विगत सितम्बर को पंचायत का किये गये निरीक्षण के दौरान योजनाओं में बरती गई व्यापक धांधली को पकड़ा था। कई योजनाओं का चेक खुद मुखिया पति के नाम से काटा गया था। जबकि कुछ योजनाओं में राशि निकासी कर योजना पूर्ण नहीं किया गया था। बीडीओ अजीत कुमार ने बताया कि तय सीमा के भीतर मुखिया एवं पंचायत सचिव द्वारा राशि जमा नहीं करने की स्थित में जिलाधिकारी से आगे की कार्रवाई हेतु मार्गदर्शन मांगा जाएगा।

और भी दो पंचायतों से हो सकती है राशि वसूली

जजहट-सवैला पंचायत के अलावा जिले के अन्य दो पंचायतों से भी राशि वसूली हो सकती है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी खुर्शीद आलम अंसारी ने शंकरपुर प्रखंड के सोनवर्षा एवं घैलाढ़ प्रखंड के बरदाहा पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव के राशि वसूलने की अनुशंसा की है। 19 नवंबर को खोनही-सोनवर्षा पंचायत की जांच में गबन का मामला पकड़ में आया था। खोनही सोनवर्षा पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव से पांच लाख 70 हजार रूपये वसूलने की अनुशंसा पंचायती राज पदाधिकारी ने की है। वहीं घैलाढ़ प्रखंड के बरदाहा पंचायत के मुखिया से भी सात लाख 23 हजार रूपये की वसूली होनी है। इस पंचायत के मुखिया को पदच्युत करने हेतु सरकार को प्रस्ताव भेजने की भी डीएम से अनुशसा की गयी है।

chat bot
आपका साथी