दोनों युवक आ रहे थे स्कॉपियो से, अपराधियों ने कर दी बम मारकर हत्या
बिहार में पुलिस के लाख चाहने के बाद भी क्राइम कंट्रोल नहीं हो पा रहा है। जमुई में अब दो युवकों को अपराधियों ने बम मार दिया है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लोग दहशत में हैं।
जमुई, जेएनएन। बिहार में पुलिस के लाख चाहने के बाद भी क्राइम कंट्रोल नहीं हो पा रहा है। जमुई में अब दो युवकों को अपराधियों ने बम मार दिया है। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना से लोग दहशत में हैं। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है।
बताया जाता है कि झाझा थाना के छापा गांव के समीप धपरी मोड़ पर बम से युवकों पर हमला किया गया। दोनों युवक स्कार्पियो पर सवार होकर झाझा की ओर आ रहे थे। अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं। दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। दोनों की पहचान जमुई के ही लक्ष्मीपुर थाना के बेलाटांड़ गांव के राजेश यादव व मगही गांव के मनोज यादव के रूप में की गई है।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए हैं। वहीं अपराधियों के बारे में भी पुलिस जानकारी ले रही है। अपराधियों का सुराग अब तक नहीं मिल पाया है। पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।
बता दें कि इसी सप्ताह जमुई में नक्सलियों ने दो लोगों की हत्या कर दी थी। दोनों युवकों पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया गया था। अब दो युवकों की हत्या से पुलिस सकते में है। वहीं जमुई में बढ़ते अपराध से लोगों में दहशत के साथ ही आक्रोश भी है।