नवादा में राम मंदिर निर्माण के लिए आज से शुरू होगा धन संग्रह अभियान, 27 फरवरी तक चलेगा

अयोध्‍या में बनने वाले राम मंदिर के लिए धन संग्रह अभियान 15 जनवरी को शुरू किया जाएगा। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 11 सौ गांवों को रामभक्‍त गांव बनाया जाएगा। इसके लिए टीम का गठन किया गया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 12:23 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 12:23 PM (IST)
नवादा में राम मंदिर निर्माण के लिए आज से शुरू होगा धन संग्रह अभियान, 27 फरवरी तक चलेगा
अयोध्‍या में राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान। प्रतीकात्‍मक फोटो

संवाद सहयोगी, नवादा। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए शुक्रवार से जिले में धन संग्रह अभियान का आगाज हो रहा है। जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय से दोपहर 12 बजे इसकी शुरूआत होगी। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह अभियान की 17 सदस्यीय जिला टोली का गठन किया जा चुका है। इसके अलावा 150 टोलियां जिले के विभिन्न गांवों में निकलेगी। घर-घर संपर्क कर धन संग्रह किया जाएगा।

आरएसएस के प्रचार प्रमुख कृष्ण मुरारी शास्त्री ने बताया कि दोपहर 12 बजे जिलास्तरीय टीम धन संग्रह के लिए निकलेगी। वर्षों बाद हिंदुओं का सपना साकार हो रहा है और अयोध्या की पावन धरती पर भव्य एवं दिव्य राम मंदिर के निर्माण में हम सबको योगदान देने का अवसर मिल रहा है। 15 जनवरी से 27 फरवरी तक कुल 42 दिनों तक धन संग्रह अभियान चलेगा।

जिस गांव के हर घर से मिलेगा पैसा, वह बनेगा रामभक्‍त गांव

उन्होंने बताया कि जिले की सभी 187 ग्राम पंचायतों की 1100 गांव में टोली निर्माण कर निधि संग्रह किया जाएगा। जिस गांव के हरेक घर से मंदिर निर्माण के लिए राशि प्राप्‍त हो जाएगी, उस गांव को रामभक्त गांव घोषित किया जाएगा। जिले में 1100 गांवों को रामभक्त गांव बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पूरा संघ परिवार बनेगा महाभियान का साक्षी

 प्रचार प्रमुख ने बताया कि पूरा संघ विचार परिवार इस अभियान में शामिल होगा। आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, भाजपा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिंदू जागरण मंच, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, राष्ट्रीय सेविका समिति, विद्या भारती, क्रीड़ा भारती, भारत विकास परिषद समेत अन्य संगठन इस अभियान में शामिल होगा। 

जिला स्तर पर गठित है कमेटी 

धन संग्रह अभियान के लिए जिला स्तर पर कमेटी गठित है। जिला कार्यवाह प्रदीप कुमार को जिला अभियान प्रमुख बनाया गया है। वहीं सह प्रमुख के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री अतुल कुमार सिन्हा, कार्यालय प्रमुख के रूप में आरएसएस के दिनेश कुमार, हिसाब किताब प्रमुख के रूप में संघ के जिला व्यवस्था प्रमुख उदय शंकर जिम्‍मेदारी संभालेंगे।

वहीं प्रचार प्रमुख के नाते कृष्ण मुरारी शास्त्री, विशेष संपर्क प्रमुख के नाते संघ के विभाग संघचालक डॉ. अशोक कुमार, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुजय कुमार और कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भारतीय मजदूर संघ के मनीष कुमार सिंह, बीजेपी के नरेश वर्मा, भारतीय किसान संघ के श्रीप्रसाद, विद्या भारती के महेंद्र प्रसाद, हिंदू जागरण मंच के संतोष कुमार, राष्ट्रीय सेविका समिति सह आशा संघ के प्रदेश महामंत्री इंदु झा, क्रीड़ा भारती के अमन कुमार, भारत विकास परिषद के रामचंद्र कुमार सोनी एवं एकल भारत के सुरेश प्रसाद को कमेटी में शामिल किया गया है।

chat bot
आपका साथी