Lockdown Bihar: म्यांमार भेजे गए भारत में फंसे 258 बौद्ध पर्यटक, गया से उड़े दो विमान

लॉकडाउन के दौरान भारत में फंसे 258 बौद्ध पर्यटकों को भारत सरकार की इजाजत के बाद उनके देश म्‍यांमार भेजा गया। उन्‍हें लेने म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल के दो विमान गया पहुंचे थे।

By Amit AlokEdited By: Publish:Thu, 23 Apr 2020 12:00 PM (IST) Updated:Thu, 23 Apr 2020 12:00 PM (IST)
Lockdown Bihar: म्यांमार भेजे गए भारत में फंसे 258 बौद्ध पर्यटक, गया से उड़े दो विमान
Lockdown Bihar: म्यांमार भेजे गए भारत में फंसे 258 बौद्ध पर्यटक, गया से उड़े दो विमान

गया, जेएनएन। भारत में फंसे म्यांमार के 258 बौद्ध पर्यटकों का दल म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल के दो विमानों से स्वदेश लौट गया। लॉकडाउन के दौरान विमान के परिचालन की इजाजत म्यांमार सरकार ने भारत सरकार से ली थी। सरकार की सभी गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए विमान यंगून से गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे और रवाना हुए।

मंडाले व यंगून रवाना हुए म्‍यांमार के बौद्ध पर्यटक

एयरवेज के स्थानीय स्टेशन प्रबंधक दिलीप कुमार सिन्हा ने बताया, पहले विमान से 107 और दूसरे विमान से 151 बौद्ध पर्यटक मंडाले (म्यांमार) के लिए यहां से रवाना हुए। दूसरे विमान से यात्रा करने वालों में दो बच्‍चे भी शामिल थे। पहला विमान गया एयरपोर्ट पर बुधवार की दोपहर के 1:50 बजे उतरा और यहां से 2:50 बजे श्रद्धालुओं को लेकर उसने मंडाले के लिए उड़ान भरी। इसी प्रकार दूसरा विमान दोपहर 3:05 बजे आया और 4:05 बजे यंगून के लिए रवाना हुआ।

स्‍वास्‍थ्‍य जांच के बाद दी गई जाने की इजाजत

एयरपोर्ट निदेशक ने बताया, प्रस्थान करने वाले सभी पर्यटकों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान में प्रवेश दिया गया। उन्होंने कहा, दोनों विमानों से प्रस्थान करने वाले बौद्ध पर्यटक लॉकडाउन में वाराणसी, नालंदा व बोधगया में फंसे थे। उन्होंने बताया कि सभी कर्मियों ने लॉकडाउन का पूरा पालन किया।

37 दिन बाद गया आया म्यांमार एयरवेज का विमान

गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रन-वे पर म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल के दो विमान 37 दिन बाद उतरे। एयरवेज के स्थानीय स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि म्यांमार एयरवेज के विमान ने 16 मार्च को अंतिम उड़ान भरी थी। दूसरी ओर, 24 मार्च से गया एयरपोर्ट पर सभी विमानों का परिचालन बंद है।

chat bot
आपका साथी