औरंगाबाद के नक्सल इलाके में टांगी से काटकर अधेड़ की हत्या, वान गोरेया जंगल से बरामद हुआ शव, ओझा-गुणी के खेल में हुई हत्या

औरंगाबाद में एक अधेड़ की हत्या कर दी गई क्योंकि उसपर ओझाई करने का शक था। बिनोद के सात वर्षीय बेटे की मौत तीन माह पहले बीमारी से हो गई थी। मौत के बाद से बिनोद एवं उसके स्वजन रामस्वरूप भूईयां पर हत्या करने का आरोप लगा रहा थे।

By Prashant Kumar PandeyEdited By: Publish:Sat, 21 Aug 2021 04:32 PM (IST) Updated:Sat, 21 Aug 2021 04:32 PM (IST)
औरंगाबाद के नक्सल इलाके में टांगी से काटकर अधेड़ की हत्या, वान गोरेया जंगल से बरामद हुआ शव, ओझा-गुणी के खेल में हुई हत्या
शव का पोस्टमार्टम कराने औरंगाबाद पहुंचे स्वजन

संवाददाता, औरंगाबाद : नक्सल प्रभावित ढीबरा थाना क्षेत्र के बनुआ पंचायत के पक्का पर गांव निवासी रामस्वरूप भूईयां (55 वर्ष) की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। ओझा-गुणी के खेल में रामस्वरूप की हत्या हुई है। अपराधियों ने रामस्वरूप के सिर एवं गर्दन पर वार किया है। पुलिस ने शनिवार को मृतक का शव बान-गोरेया जंगल से बरामद किया है। अपराधियों ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या की है। मृतक के पुत्र सुरेंद्र भूईयां ने बताया कि गांव के ही बिनोद भूईयां के साथ विवाद चल रहा था।

आरोपी के बेटे की 3 माह पहले हुई थी मौत, ओझाई के शक में ले ली जान

बिनोद के सात वर्षीय बेटे की मौत तीन माह पहले बीमारी से हो गई थी। बेटे की मौत के बाद से बिनोद एवं उसके स्वजन रामस्वरूप भूईयां पर ओझा-गुणी के खेल में हत्या करने का आरोप लगा रहा थे। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे रामस्वरूप बकरी चराने जंगल गया था जहां उसकी टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। शाम को जब वह घर नहीं लौटा तो स्वजन खोजने लगे। देर शाम उसका शव वान गोरेया जंगल में होने की सूचना मिली तो स्वजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दिया। ढीबरा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि अधेड़ की हत्या टांगी से काटकर की गई है। पुलिस ने शनिवार को शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया। हत्या के इस घटना के बाद से तनाव व्याप्त है।

मामले में तीन बने नामजद आरोपी

ढीबरा थानाध्यक्ष प्रमोद ने बताया कि हत्या के इस मामले में मृतक के पुत्र सुरेंद्र भूईयां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हत्या के इस मामले में तीन नामजद आरोपी बने हैं। मनोज भूईयां, बिरजू भूईयां एवं देवरानी देवी का नाम सामने आया है। कुछ और लोगों का नाम आ रहा है जिसकी जांच चल रही है। पुलिस दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि बिनोद एवं सनोज भूईयां गांव से बाहर थे जिस कारण इस कांड में नाम नहीं आया है। पुलिस के अनुसार मृतक ओझा-गुणी का काम करते थे। इसी विवाद में हत्या हुई है।

chat bot
आपका साथी