प्रेम विवाह करने पर मायके वालों ने ही उजाड़ दिया सुहाग, नाना-नानी की भी ले ली थी जान

गया में तीन दिनों पूर्व युवक की हत्‍या मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्‍नी ने अपने मायके के लोगों पर हत्‍या का आरोप लगाया है। कहा कि प्रेम विवाह किए जाने से वे लोग नाराज चल रहे थे।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 01:49 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 02:42 PM (IST)
प्रेम विवाह करने पर मायके वालों ने ही उजाड़ दिया सुहाग, नाना-नानी की भी ले ली थी जान
गोली मारकर की गई थी रविरंजन की हत्‍या। प्रतीकात्‍मक फोटो

संवाद सहयोगी, टिकारी (गया)। प्रेम विवाह करने पर मायके वालों ने ही सुहाग उजाड़ दिया। यह आरोप मृतक की पत्‍नी ने लगाया है। इस बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई है। 25 फरवरी को दिनदहाड़े बाइक से जाते समय बगल के बाइक सवार ने कनपटी में सटाकर युवक को गोली मार दी थी। अपराधियों की गोली के शिकार थाना क्षेत्र के दुल्ला बिगहा निवासी रविरंजन की पत्‍नी सोनम कुमारी ने अपने मायके के चार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसमें चाचा धर्मेंद्र यादव, मनोज यादव व चचेरे भाई जितेंद्र यादव और अशोक यादव को आरोपित किया गया है।

प्रतिशोध में रविरंजन के नाना-नानी की हुई थी हत्‍या

थाना से मिली जानकारी के अनुसार सोनम ने अपने मायके मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी चचेरे भाई को पति रविरंजन की हत्या के लिए दोषी बताया है। सोनम के अनुसार वर्ष 2017 में उसने दुल्‍लाबिगहा निवासी उपेन्द्र दास के पुत्र रविरंजन कुमार उर्फ आकाश से प्रेम विवाह किया था। यह बात स्‍वजनों को नागवार गुजरी। शुरू से ही वे लोग इसे इज्‍जत का मामला बना लिए थे। प्रतिशोध में मायके वालों ने रविरंजन के नाना सुखदेव रविदास एवं नानी को मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद उसके कई स्‍वजनों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। बीते कुछ दिन पूर्व ही दो आरोपित जेल से छूटे थे। बताया जाता है कि उक्त कांड के दो आरोपित अभी भी फरार हैं। सोनम ने उन्हीं लोगो पर पति रविरंजन की हत्या करने की आशंका जताई है।

प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कर रही छानबीन

इधर पुलिस ने सोनम के आरोप को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधान शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष रामलखन पंडित ने बताया कि पुलिस सभी एंगल से हत्या की जांच कर रही है। सोनम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी