Bihar Crime: भोजपुर में सरे बाजार मुखिया पति की गोली मार कर हत्या, CCTV फुटेज में दिखे हथियारबंद बदमाश

Bihar Crime जांच में पता चला है कि मुखिया पति बाइक से सरैया बाजार गए थे। इसी दौरान सरे बाजार हथियार बंद बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 14 May 2023 09:47 AM (IST) Updated:Sun, 14 May 2023 09:47 AM (IST)
Bihar Crime: भोजपुर में सरे बाजार मुखिया पति की गोली मार कर हत्या, CCTV फुटेज में दिखे हथियारबंद बदमाश
Bihar Crime: भोजपुर में गोली मारकर मुखिया पति की हत्या।

जागरण संवाददाता, आराः भोजपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब अपराधी सरे बाजार हत्या जैसे जघन्य वारदात को अंजाम देने से भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। ताजा मामला कृष्णागढ़ इलाके का है जहां बेखौफ बदमाशोंं ने मुखिया पति को दिनदहाड़े गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। 

सरेआम कत्ल

जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सिन्हा मार्ग के सरैया बाजार में रविवार की सुबह हथियार बंद बदमाशों ने एक मुखिया के पति की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। 

फोटोः मृतक मुखिया पति की फाइल तस्वीर

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ दो अपराधियों का चेहरा

सरैया बाजार में मुखिया पति की हत्या करते दो अपराधियों का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है। उनके हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दे रहा है। अपराधी गोली लगने के बाद सड़क पर गिरे मुखिया पति को दूसरी बार फिर गोली मारते और पैदल भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों को चिह्नित कर लिया है।

फोटोः वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधी

मृतक मुखिया पति 45 वर्षीय महेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव निवासी स्व. राम प्रवेश यादव के पुत्र थे। मृतक के शरीर पर करीब पांच जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। वे पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया अमरावती देवी के पति थे।

फोटोः मौके पर मौजूद भीड़ और गिरी बाइक

बाइक पर आए थे बदमाश

वारदात को एक बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंजाम दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया। वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

फोटोः रोते-बिलखते परिजन

मृतक के पुत्र अंकुश कुमार ने बताया कि गांव में ही एक केस हुआ था। जिसकी पंचायत के लिए उनके पिता रविवार की सुबह अपनी बुलेट पर सवार होकर कृष्णागढ़ थाने गए थे। जब वो वापस घर लौट रहे थे तो उसी दौरान सरैया बाजार में हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इसके बाद स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर कृष्णगढ़ और मुफस्सिल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। एसपी प्रमोद कुमार के आदेश पर डीआईयू टीम भी घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।

गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर किया हमला 

मुखिया पति की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने बभनगांवा गांव में आरोपी धनजी यादव के घर पर हमला बोल दिया। घर से सारा सामान निकालकर तोड़फोड़ की। इसके बाद उसमें आग लगा दिया। घरेलू सामान जलकर बर्बाद हो गया है। वारदात के बाद बड़हरा, कृष्णागढ़ और मुफस्सिल समेत कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है। एसपी प्रमोद कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।

फोटोः गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर किया हमला

पिछले साल मुखिया पर भी हुआ था हमला

पिछले साल ही महिला मुखिया को भी उनके दरवाजे पर चढ़कर मारी गई थी। 20 मार्च 2022 को कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव में पश्चिमी गुंडी पंचायत की महिला मुखिया अमरावती देवी को हथियारबंद लोगों ने गोली मारी थी।

जख्मी मुखिया 45 वर्षीय अमरावती देवी को बाएं साइड पेट मे तीन गोली मारी गई थी। इस घटना के बाद महिला मुखिया के पति बभनगावां गांव निवासी महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव ने थाने में प्राथमिकी भी कराई थी है।

उस समय मुखिया के पति महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव ने बताया था कि चुनाव को लेकर पूर्व से विवाद चले आ रहे विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है।

chat bot
आपका साथी