बिहार में बोले राजनाथ: NDA की सरकार बनी तो देश से आतंकवादियों को खत्‍म किया जाएगा

एनडीए की सरकार बनने पर पूरे देश से आतंकवादियों को खत्‍म कर दिया जाएगा। ये बातें केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कही। वे बुधवार को बिहार के दौरे पर थे।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 10 Apr 2019 05:00 PM (IST) Updated:Wed, 10 Apr 2019 07:49 PM (IST)
बिहार में बोले राजनाथ: NDA की सरकार बनी तो देश से आतंकवादियों को खत्‍म किया जाएगा
बिहार में बोले राजनाथ: NDA की सरकार बनी तो देश से आतंकवादियों को खत्‍म किया जाएगा

बांका, जेएनएन। एनडीए की सरकार बनने पर पूरे देश से आतंकवादियों को खत्‍म कर दिया जाएगा। आतंकवाद एवं नक्सलवाद पर भी कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। ये बातें केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कही। वे बुधवार को बिहार के दौरे पर थे। वे बांका, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया में एनडीए प्रत्‍याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने बिहार आए हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह सबसे पहले बांका जिला पहुंचे। इसके बाद पूर्णिया में सभा को संबोधित किया।  

बांका में एनडीए प्रत्‍याशी गिरिधारी यादव के समर्थन में शम्भूगंज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश मे नरेंद मोदी की लहर चल रही है। अगर फिर से केंद्र में एनडीए की सरकार बनी तो देश से आतंकवादियों का सफाया हो जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि सभी घरों में केंद्र और राज्य सरकार शौचालय बना रही है। कांग्रेस सभी को 72 हजार देने का सब्जबाग दिखा रही है। नेहरू और इन्दिरा ने गरीबी हटाने का वादा किया था, लेकिन किसी ने गरीबी नहीं हटाई। लेकिन आज देश से गरीबी  हटाने का काम केंद्र की मोदी सरकार कर रही है।

उन्‍होंने बिहार के सीएम की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने भ्रष्‍टाचार नहीं होने दिया। केंद्र सरकार भी भ्रष्‍टाचार विरोधी है। उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में भी काम कर रही है। केंद्र सरकार किसानों को प्रत्येक साल 6 हजार रुपये देगी। इतना ही नहीं, सभी छोटे दुकानदारों को पेंशन दी जाएगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने जो कहा था, वह करके दिखाया है। हर 60 साल के वृद्घ को पेंशन दी जाएगी। एक लाख का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जीरो परसेंट ब्याज पर दिया जाएगा। उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में राष्ट्रद्रोह का कानून खत्म करने के लिए कहा है, लेकिन एनडीए सरकार इस कानून को और मजबूत करेगी।

उन्‍होंने कहा कि भारत दुनिया में ताकतवर देश बन गया है। पुलवामा हमले के बाद 13 दिन के अंदर पाक में घुसकर आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया, लेकिन निर्दोष पाकिस्तानियों को कुछ नहीं किया गया। 1971 में बंगलादेश के लिए इंदिरा गांधी का जयकार हो सकता है, तो सर्जिकल के लिए पीएम मोदी का जयकार क्यों नहीं। देश से पहली गोली नहीं चलना चाहिए,  लेकिन अगर सीमा पार से चले तो गिननी भी नहीं चाहिए। 

गृहमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उस घोषणापत्र में उन्होंने राष्ट्रद्रोह के कानून को समाप्त करने की बात कही है। उन्होंने दर्शकों से सीधा संवाद कर पूछा- आप ही बताएं क्या राष्ट्रद्रोह का कानून समाप्त होना चाहिए? इस पर भीड़ ने जोरदार घ्वनि मत से उसे खत्म नहीं करने पर मुहर लगाई। गृहमंत्री ने कहा कि राजग की सरकार में राष्ट्रद्रोह कानून को और सख्त किया जाएगा। 

उन्‍होंने कहा कि यूपीए की सरकार में मात्र  25 लाख लोगों को आवास योजना का लाभ मिला था, जबकि वर्ष 14-18 तक एक करोड़ 30 लाख लोगों को आवास योजना का लाभ दिया गया है। इसी तरह 1947 से 2014 तक पूरे देश में 40 फीसदी शौचालय बने थे, लेकिन पीएम मोदी के  कार्यकाल में 90 परसेंट घरों में शौचालय का निर्माण हो चुका है। वर्ष 14 तक गिनती के गांवों तक आप्टिकल फाइबर बिछे थे, अब एक लाख 56 हजार गांवों में ऑप्टिकल फाइबर बिछा दिए गए हैं। 

chat bot
आपका साथी