Road accident Bhagalpur : ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा जख्मी, एक बच्‍ची को भी रौंदा

Road accident Bhagalpur भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र के बाइक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में एक की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से जख्‍मी है। दोनों भाई हैं। घटना के बाद घर में सन्‍नाटा पसर गया है। खरीक में भी घटना हुई।

By Dilip Kumar shuklaEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 09:55 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 09:55 AM (IST)
Road accident Bhagalpur : ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा जख्मी, एक बच्‍ची को भी रौंदा
भागलपुर में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक की मौत।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। कजरैली थाना क्षेत्र के लक्ष्मनियापुल के समीप बाइक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्वजन ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक की पहचान सिमरिया निवासी मु.कलाम और घायल की पहचान मु. अब्बुजर दोनों पिता निजाम के रूप में हुई है।  मु. कलाम और अब्बुजर कजरैली बाजार जा रहे थे। पुल के समीप पहुंचे पर कजरैली तरफ से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर हो गई। ट्रैक्टर चालक मौके पर से फरार हो गया।

सिमरिया निवासी मु. आजाद ने बताया कि मु. कलाम टायर का मिस्त्री था। मुंबई में काम करता था। बुधवार की शाम उसके घर में कोई रिश्तेदार  आए हुए थे, जिसके लिए दोनों भाई कुछ सामान लाने जा रहे थे। कलाम के दो बच्चे हैं। दो दिन पहले ही कलाम की साली की शादी हुई है, जिसमें शरीक होने वह मुंबई से आया था। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था है। कजरैली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।

खरीक में पिकअप वैन ने बच्ची को रौंदा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

खरीक थाना क्षेत्र में पूर्वी घरारी के पास उर्दू चौक से खरीक चौक जाने वाली सड़क पर बुधवार को पिकअप वैन ने एक बच्ची को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की पहचान श्याम सुंदर शर्मा की पांच वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी के रूप में हुई। पिकअप चालक वाहन लेकर भाग निकला। घटना से उग्र स्वजन एवं ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। लोग मुआवजा राशि और इस सड़क से होकर बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। साथ ही वाहन चालक पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। खरीक थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने पहुंचकर समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ मिलकर उग्र ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। दो घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया। जाम के चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। धीरे-धीरे परिचालन सामान्य हुआ।

घटना से राधिका के घर में कोहराम मच गया है। उसके माता-पिता समेत दो छोटे भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। राधिका कुमारी दो भाइयों की इकलौती बहन थी। बच्ची के पिता ने थाने में आवेदन दिया, जिसमें गांव के ही वाहन चालक बमबम यादव पर घटना को अंजाम देकर भागने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

chat bot
आपका साथी