गणपति बप्पा मोरया के जयकारे से धार्मिक हुआ सिल्क सिटी, देखें... जिले भर की प्रतिमाएं Bhagalpur News
सनातन धर्म में भगवान गणेश का विशेष स्थान है। कोई भी पूजा हवन या मांगलिक कार्य उनकी स्तुति के बिना अधूरा है। हिन्दू धर्म में गणेश वंदना के साथ ही किसी नए काम की शुरुआत होती है।
भागलपुर [जेएनएन]। भगवान गणेश की पूजा कर लोग आध्यात्ममय हो गए हैं। मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं ने प्रथम पुज्य भगवान श्रीगणेश की पूजा की। उन्हें खीर, लड्डू और खिचड़ी का भोग लगाया गया। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इससे पहले गणपति बप्पा मोरया के जयकारे से सोमवार को पूरा सिल्क सिटी धार्मिक हो गया। सोमवार को सुबह 10 बजे के बाद से दिनभर शहर से लेकर गांव तक पूजा पंडालों में भगवान गणेश की पूजा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। कहीं 21 तो कहीं 51 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। इस दौरान भक्तगण गणपति बप्पा का जयकारे भी लगा रहे थे। पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का भी वितरण किया गया।
दर्शन पूजन को उमड़ी भीड़
सोनापट्टी, जोगसर, कुतुबगंज, मोहदीनगर, बड़ी खंजरपुर, सराय, भीखरपुर, जरलाही, स्टेशन रोड़, बरारी, मिरजानहाट, सबौर एवं नाथनगर सहित विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित होने के बाद दर्शन पूजन को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं पहुंचे। कई पूजा पंडालों में प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा था। पंडालों के इर्द-गिर्द लगे मेले का भी लोगों ने आनंद लिया।
सोनापट्टी में भगवान गणेश की काफी आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। वहीं स्टेशन रोड शिवा युवा संघ की प्रतिमा व सजावट देखते ही बन रही है। समिति के सदस्यों ने बताया मंगलवार को गणपति बप्पा को खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा।
अकबरनगर में धूमधाम से मनाई गई गणेश पूजा
अकबरनगर, इग्लिश चिचरौंन, भवनाथपुर एवं मकंदपुर सहित आसपास के इलाकों में सोमवार को गणेश पूजा धूमधाम से हुई। इंग्लिश चिचरौंन के घाटों पर भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना कर पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की गई। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
पूजा को लेकर सुबह महिलाओं व युवतियों ने उपवास रख पूजा-अर्चना की एवं शाम को भगवान गणेश की आरती की गयी। इस मौके पर कई जगह क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
पूरे भक्ति भाव से हुई भगवान गणेश की पूजा
पीरपैंती प्रखंड के विभिन्न जगहों पर सोमवार को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना पूरे भक्ति भाव एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कटुआ पहाड़ स्थित गणेश मंदिर में विशेष चहल पहल बनी हुई थी। जबकि सुंदरपुर बजरंगबली मंदिर प्रांगण में गणेश पूजा समिति द्वारा तथा पीरपैंती बाजार में प्रतिमा स्थापित की गई है। जहां पूजा आरती व दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही हैं।
सुंदरपुर बजरंगबली मंदिर प्रांगण में पंडित अभयानंद अभिषेक द्वारा पूरे वैदिक मंत्रोचार के बीच विधिवत स्थापना कराई। मुख्य यजमान के रूप में बलराम कुमार ने विधिवत पूजन किया। मूर्ति स्थापना के साथ ही दर्शन पूजन को लेेकर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। सुंदरपुर में आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर रात्रि में समाज के बच्चे बच्चियों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।
कहलगांव में कई जगहों पर गणेश प्रतिमा स्थापित
कहलगांव में गणेश चतुर्दशी के अवसर पर कई जगहों पर विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना कर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही गणेश महोत्सव और मेला शुरू हो गया। कहलगांव नगर में पुराने अस्पताल के पास जागृति क्लब के द्वारा चार दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यहां डांडिया खेल और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
शारदा पाठशाला के खेल मैदान में भारतीय कला कुंज परिषद की ओर से आठ दिवसीय गणेश महोत्सव सह मेला का आयोजन किया गया है। यहां डांस, डांडिया, नृत्य, झांकी, नाट्य, जागरण का आयोजन किया जा रहा है। जानमुहम्मदपुर में दस दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
यहां भजन संकीर्तन का आयोजन होगा। एकचारी रेलवे स्टेशन के निकट, नंदलालपुर में भी गणेश महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसके अलावा कई जगहों पर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। सभी पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
सबौर के ब्राम्हण टोला में गणपति का पूजनोत्सव
सबौर के ब्राह्मण टोला में 16वीं बार सिद्धि विनायक गणपति पूजनोत्सव आयोजित हुआ। इसमें हरिनाम संकीर्तन और भजन का भी कार्यक्रम है। समाजसेवी कृष्ण रंजन कश्यप ने बताया कि गणेश बबुआ समिति द्वारा आयोजित पूजनोत्सव ग्रामीणों के सहयोग से किया गया है। आसपास के लोग सिद्धि विनायक के पूजा में शरीक हो रहे हैं।