सड़क पर केन बम लगाता नक्सली गिरफ्तार, पुलिस को उड़ाने की थी साजिश

बिहार के जमुई जिले में पुलिस ने सड़क पर केन बम लगाते हुए एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। वह नक्सलियों के खिलाफ अभियान में शामिल जवानों को उड़ाने की साजिश रच रहा था।

By Ravi RanjanEdited By: Publish:Wed, 06 Dec 2017 06:28 PM (IST) Updated:Wed, 06 Dec 2017 06:28 PM (IST)
सड़क पर केन बम लगाता नक्सली गिरफ्तार, पुलिस को उड़ाने की थी साजिश
सड़क पर केन बम लगाता नक्सली गिरफ्तार, पुलिस को उड़ाने की थी साजिश

जमुई [जेएनएन]। बिहार के जमुई जिले के झाझा के अमकोलिया पहाड़ी के समीप से पुलिस ने मंगलवार को सड़क पर केनबम लगाते हुए एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। वह नक्सलियों के खिलाफ अभियान में शामिल जवानों को उड़ाने की साजिश रच रहा था। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक जयंतकांत को गुप्त सूचना मिली थी कि परासी गांव की पूरब ढाबा पहाड़ी व अमकोलिया पहाड़ी के बीच नक्सली पुलिस जवानों को निशाना बनाने के लिए आइइडी लगा रहे हैं। इस सूचना पर एएसपी अभियान डीएन पांडेय के नेतृत्व में एसएसबी कमांडेंट जसबीर सिंह, सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सुरेश एन व थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान को अलग-अलग टीमों के साथ छापेमारी में लगाया गया था। एसआई ध्रुव पासवान भी इस अभियान में शामिल थे।

पुलिस ने एक नक्सली को सड़क पर तार बिछाकर केनबम लगाते हुए देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपित की पहचान ठेलपत्थर गांव के नुनवा टुडू के रूप में हुई है। उसके पास से 80 मीटर तार, ढाई किलो का स्टील गैलन में केन बम, एक डेटोनेटर एवं चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने बताया कि इस विस्फोटक से पुलिस गाड़ी के आने पर विस्फोट करने की रणनीति थी, जिसे नाकाम कर दिया गया। नक्सली नुनवा टुडू झाझा स्टेशन पर हुए नक्सली हमले में भी शामिल था। उस घटना में आधा दर्जन जवान शहीद हो गए थे।

chat bot
आपका साथी