भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का सच, पक्के मकान की चाहत में उजाड़ दी झोपड़ी

भागलपुर में अब तक 677 लोगों को आवास योजना की पूरी राशि नहीं मिल पाई है। 138 लोग को पहली किस्त का है इंतजार कर रहे हैं। लोग अपना रुपया लगा चुके हैं। लेकिन राशि नहीं मिली।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Thu, 10 Sep 2020 04:40 PM (IST) Updated:Thu, 10 Sep 2020 04:40 PM (IST)
भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना  का सच, पक्के मकान की चाहत में उजाड़ दी झोपड़ी
भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का सच, पक्के मकान की चाहत में उजाड़ दी झोपड़ी

भागलपुर [जितेंद्र]। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 677 लोगों का चयन किया गया। नियम के तहत मकान बनाने की शुरुआत इन्हें अपने पैसों से करनी थी। सरकार इसके बाद इन्हें तीन किश्तों में दो लाख रुपये की राशि देगी। इन लोगों ने अपनी झोपडिय़ां उजाड़कर मकान बनाने की शुरुआत कर दी, लेकिन आवास योजना की पूरी राशि नहीं मिल सकी। इस कारण सभी आवास अधूरे पड़े हुए हैं।  

इस परेशानी के कारण ऐसे लाभुक किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं। नगर निगम राशि का आवंटन करने में देर कर रहा है। वार्ड संख्या 17 के किलाघाट की निवासी कमरून निशा का चयन अप्रैल, 2019 में किया गया था। इन्होंने अपनी झोपड़ी तोड़ दी और डेढ़ हजार रुपये के कमरे में किराये पर रहने लगीं। सूद पर कर्ज लेकर इन्होंने मकान का फाउंडेशन तैयार कर लिया। छह माह बाद इन्हें पहली किस्त के 50 हजार रुपये मिल गए। निशा अब दूसरी किस्त की राशि के लिए पिछले एक साल से नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। नगर निगम से पैसा नहीं मिलने के कारण कर्ज ली गई राशि पर ब्याज भी बढ़ता जा रहा है। सभी लाभुकों की लगभग यही स्थिति है।  

भुगतान पर निगम की लापरवाही हावी : निगम क्षेत्र में पहले चरण में 382 और दूसरे चरण में 295 लाभुकों का मकान बनाने के लिए चयन किया गया। इन 677 लाभुकों में 539 को ही पहली किस्त की राशि मिल सकी है। 138 लोगों को यह राशि भी नहीं मिल सकी है। निगम ने 473 लाभुकों को ही एक लाख रुपये की दूसरी किस्त की राशि दी है, जबकि बाकी 204 लाभुकों का भुगतान अटकाए रखा है। 129 लोगों को तीसरी किस्त की राशि जारी की गई है। नगर निगम ने दावा किया कि 118 मकान पूरे हो गए हैं। 16 लाभुकों ने राशि लेकर भवन तैयार नहीं किया है।

आवास निर्माण की यह है योजना : केंद्र सरकार शहरी क्षेत्र में झुग्गी-झोपडिय़ों में रहने वाले गरीबों के लिए प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना चला रही है। 2015 में योजना लागू हुई। जिनके पास 360 वर्ग फीट की जमीन है, वैसे लोगों को योजना का लाभ दिया जाना है। इसमें दो कमरे, किचन व शौचालय का निर्माण करना है। लाभुकों को तीन किस्तों में राशि देनी है। पहली किस्त में 50 हजार, दूसरी किस्त में एक लाख व तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये मिलने हैं। लाभुकों के मकान निर्माण की जांच के बाद भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। - सत्येंद्र वर्मा उपनगर आयुक्त, भागलपुर।

chat bot
आपका साथी