अनोखी शादी : बिना बैंड बाजे के पुलिस चौकी में हुई शादी, लड़की बाइक से हुई विदा

दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे। दोनों के परिजन शादी के खिलाफ थे। एक दिन कुछ लोगों ने दोनों को एक ही कमरे में देख लिया। परिजन आग-बबूला हो उठे। इसके बाद क्या हुआ, जानने के लिए यह खबर पढ़ें

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Thu, 08 Nov 2018 03:25 PM (IST) Updated:Thu, 08 Nov 2018 04:30 PM (IST)
अनोखी शादी : बिना बैंड बाजे के पुलिस चौकी में हुई शादी, लड़की बाइक से हुई विदा
अनोखी शादी : बिना बैंड बाजे के पुलिस चौकी में हुई शादी, लड़की बाइक से हुई विदा

भागलपुर (जेएनएन)। ततारपुर थाना अंतर्गत विश्वविद्यालय ओपी में गुरुवार को एक अनोखी शादी देखने को मिली। जिसमें पुलिस चौकी में ही मौलवी को बुलाकर युवक-युवती की शादी कराई गयी। इसके बाद युवती को लोगों ने पुलिस चौकी से बाइक पर युवक के साथ विदा किया।

बुधवार को लड़की हो गयी थी गायब

दरअसल मामला विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के साहेबगंज पुराना टोला का है। जहां महताब आलम और साबिया बेगम के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। साबिया इसी कारण बुधवार को महताब के साथ घर से निकल गई। जब वह रात 12 बजे तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता होने लगी और वे लोग उसे ढूंढने के प्रयास में लग गए। बाद में परिजनों को जानकारी मिली कि वह महताब के साथ गई है। महतब का नाम सामने आते ही वे लोग साबिया के गायब होने का कारण समझ गए। इसके बाद उन लोगों की खोजबीन फिर से शुरू हो गई।

पार्षद प्रतिनिधि के प्रयास से सुलझा मामला

कुछ लोगों से उन्हें जानकारी मिली कि महताब हबीबपुर इलाके में अपने नए घर में साबिया के साथ है। देर रात साबिया के परिजन ग्रामीणों के साथ महताब के नए वाले घर पर पहुंचे और साबिया के साथ उसे पकड़ लिया। वे लोग उसे पकड़कर साहेबगंज ले। वहां लाते ही लड़का और लड़की पक्ष में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस कारण वार्ड 10 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद पोपल ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों को पुलिस को सौंप दिया गया। दोनों के परिजनों में सुलह के लिए काफी प्रयास हुआ। अंत में ग्रामीणों के सहयोग से लड़का और लड़की पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। फिर गुरुवार को दिन में करीब 2 बजे विश्वविद्यालय पुलिस चौकी में ही मौलवी हाफिज सादाब को बुलाया गया और दोनों के परिवार वालों के सामने उसका निकाह कराया गया। इस दौरान विश्विद्यालय पुलिस चौकी के पूर्व चौकी प्रभारी समरेंद्र कुमार और वर्तमान प्रभारी संतोष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

साबिया और महताब के घर वाले शादी के लिए नहीं थे राजी

शादी के बाद साबिया को महताब के साथ पुलिस चौकी से बाइक पर लोगों ने विदा कर दिया। साबिया मारवाड़ी कॉलेज से ग्रेजुएशन कर चुकी है। जबकि महताब ने पुणे से एनिमेशन में डिग्री हासिल की है। महताब और साबिया ने बताया कि उन दोनों ने राजी खुशी से शादी किया। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी शायद आपको साबिया के साथ कई बार देखा गया था। वे लोग शादी करना चाहते थे। मगर दोनों के परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे।

chat bot
आपका साथी