लापरवाही के आरोप में केहाट और सदर थानाध्यक्ष निलंबित

लापरवाही के आरोप में जिले के दो थानाध्यक्षों को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Oct 2018 09:52 PM (IST) Updated:Thu, 04 Oct 2018 09:57 PM (IST)
लापरवाही के आरोप में केहाट और सदर थानाध्यक्ष निलंबित
लापरवाही के आरोप में केहाट और सदर थानाध्यक्ष निलंबित

पूर्णिया(जेएनएन)। लापरवाही के आरोप में जिले के दो थानाध्यक्षों को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने केहाट थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव और सदर थानाध्यक्ष भाई भरत कुमार को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही करने की अनुशंसा डीआइजी से की थी। इस अनुशंसा पर डीआइजी सौरभ कुमार ने मुहर लगा दी है।

मालूम हो कि एसपी विशाल शर्मा 24 से 30 सितंबर तक अवकाश पर थे। इसी दौरान दोनों थानाध्यक्ष बिना किसी आदेश के जिला मुख्यालय छोड़कर चले गए थे। इस लापरवाही को लेकर दोनों थानाध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। स्पष्टीकरण में दोनों द्वारा लापरवाही बरतने की बात सामने आई। कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेज दी गई है। गौरतलब है कि केहाट थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव के 30 सितंबर को जिला मुख्यालय छोड़कर जोगबनी जाने और जोगबनी से नेपाल के विराटनगर तक जाकर वापस आने की बात सामने आई है। वे तत्कालीन प्रभारी एसपी पीके मंडल के साथ बिना किसी लिखित आदेश के नेपाल गए थे। उन्होंने स्पष्टीकरण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने की बात बताई है। यह बात जांच में गलत पाई गई। वहीं, सदर थानाध्यक्ष भाई भरत कुमार भी 30 सितंबर को बिना किसी आदेश के फारबिसगंज गए थे। किसी पदाधिकारी के आदेश के बिना मुख्यालय छोड़कर जाने के स्पष्टीकरण में भाई भरत कुमार ने बताया है कि केहाट थानाध्यक्ष ने उन्हें फोन कर कहा था कि एसपी उन्हें संचिका पर हस्ताक्षर करने बुला रहे हैं। एसपी ने बताया कि अभी दोनों थानों में किसी दूसरे थानाध्यक्ष की पदस्थापना नहीं की गई है।

chat bot
आपका साथी