सुलग उठा बिहार का मुंगेर! चंडिका स्थान मंदिर के पुजारी पर लगा नाबालिग को छेड़ने का आरोप, जमकर बवाल

ब‍िहार के मुंगेर से आज एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चंडिका स्थान में पूजा करने गए नाबालिग से छेड़खानी के बाद लोगों ने बवाल कर दिया। छेड़खानी का आरोप पुजारी पर लगा है। पुजारी की जमकर पिटाई कर दी। कई थाने की पुल‍िस वहां पहुंची है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 02:19 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 02:19 PM (IST)
सुलग उठा बिहार का मुंगेर! चंडिका स्थान मंदिर के पुजारी पर लगा नाबालिग को छेड़ने का आरोप, जमकर बवाल
पुलिस की गिरफ्त में छेड़छाड़ के आरोपी।

संवाद सूत्र, मुंगेर। देश के 52 वें शक्तिपीठ में शामिल मां चंडिका स्थान परिसर में गुरुवार को एक पुजारी पर पूजा करने गई नाबालिग बच्ची के साथ छेडख़ानी करने का आरोप लगा है। नाबालिग किसी तरह मंदिर परिसर से भाग कर घटना की जानकारी स्वजनों को दी। सैकडों की संख्या में मुहल्ले के लोगों के साथ स्वजन चंडिका स्थान पहुंचे और पुजारी की पिटाई शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही वासुदेवपुर पुलिस पहुंची। मामला नियंत्रण से बाहर होता देखकर सदर एसडीओ खुशबू कुमारी, एसडीपीओ नंद जी प्रसाद, कोतवाली इंस्पेक्टर नीरज कुमार, सफियाबाद ओपी प्रभारी गौरव कुमार कासिम बाजार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, नया रामनगर से कौशल कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार, पूरबसराय ओपी प्रभारी राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में बीएमपी के जवानों के साथ पहुंचे। पुलिस ने भीड़ से आरोपित पुजारी जयकुमार शर्मा को गिरफ्तार किया। आक्रोशित लोग पुजारी को नहीं जाने दे रहे थे, भीड़ को सौंपने के लिए बवाल करने लगे। पुलिस किसी तरह पुजारी को लेकर वासुदेवपुर ओपी पहुंची तो वहां भी ओपी का घेराव कर सभी आक्रोशितों ने हंगामा शुरू कर दिया। लगभग दो घंटे तक हाइ वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। एसडीओ के समझाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने आरोपित के अलावा तीन और पूजारी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

सीसीटीवी से पता चलेगा वजह

आरोपित पुजारी जय कुमार शर्मा चंडिका स्थान के सामने प्रसाद बेचते हैं। गर्भ गृह बंद रहने के कारण चंडिका स्थान परिसर में स्थापित महादेव मंदिर में 10 दिनों से पूजा कराने का काम कर रहे थे। गुरुवार को नाबालिग पूजा करने महादेव मंदिर पहुंची तो पुजारी ने किशोरी के साथ छेड़खानी करना शुरू कर दिया। नाबालिग खुद को बचाकर किसी तरह भाग निकली। स्वजनों को इसकी सूचना दी। चंडिका स्थान के पुजारी नंदन बाबा ने बताया परिसर में अंदर और बाहर कुल नौ जगहों पर सीसीटीवी लगा हुआ है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि फुटेज की भी जांच की जाएगी। फिलहाल पुजारी को सुरक्षित जगह पर रखा गया है। इस मामले में जय कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुजारी सुनील कुमार मिश्रा, संजय कुमार मिश्रा और छोटू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

न्याय के लिए थाने का किया घेराव

नाबालिग के साथ हुए छेड़छाड़ की निष्पक्ष जांच के लिए चंडिका स्थान के करीब 400 महिला और पुरुषों ने वासुदेवपुर ओपी पहुंच कर न्याय करने के लिए आवाज बुलंद किया। थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। सभी का कहना था कि उचित न्याय नहीं मिला तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। पुलिस के समझाने के बाद सभी शांत हुए।

-घटना में नामजद आरोपित पुजारी को गिरफ्तार किया गया है। तीन पुजारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। पत्थरबाजी व गोलीबारी मामले में कार्रवाई की जाएगी। -नंद जी प्रसाद, एसडीपीओ, मुंगेर सदर।

chat bot
आपका साथी