Bihar: दोनों ने अपने मंगेतर को छोड़ा, चचेरे भाई-बहन ने सोच लिया था कुछ और; लेकिन लॉकडाउन आ गया आड़े, फिर...
Bihar जमुई में प्रेम प्रसंग का एक अद्भुत मामला सामने आया है। हालांकि इस प्रेम प्रसंग को अमर्यादित कहना जाना ज्यादा उचित रहेगा। लेकिन जो भी हो पुलिस की मौजुदगी में दोनों की शादी हुई। स्वजन उसे अपने साथ घर ले गए।
जागरण संवाददाता, जमुई। बिहार के जमुई जिले में एक पारिवारिक रिश्ते को तार-तार करते हुए चचेरे भाई-बहन ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी। दोनों की शादी तय हो गई थी। शादी की तिथि भी निर्धारित कर दी गई थी। तिलक भी हो चुका था। लेकिन दोनों चचेरे भाई-बहन ने दिल एक-दूसरे में बसता था। अपने-अपने मंगेतर के साथ दोनों शादी नहीं करना चाहते थे। लेकिन दोनों के स्वजन ने तो शादी तय कर दी थी और शादी समारोह की तैयारी की जा रही थी। अब करते भी तो क्या करते। दोनों ने अपनी प्रेम कहानी का अंत होता देख, घर से भागने का निर्णय ले लिया। दोनों भाग भी गए। लेकिन लॉकडाउन ने दोनों को पुलिस के हवाले करवा दिया।
जानकारी के अनुसार, जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के गौरा पंचायत अंतर्गत भूनीमरहर गांव में रिश्ते को तार-तार करते हुए एक लड़के ने गांव की लड़की से शादी कर ली। जानकारी के अनुसार उक्त गांव के सिंघेश्वर तांती का पुत्र प्रमोद तांती अपने गोतिया के चाचा सुनील तांती की पुत्री क्रांति कुमारी से आंखें चार हो गया। प्रेम में इतना पागल हो गया कि दोनों अपने समाज में बने रिश्ते नाते को भूल गए।
स्वजनों ने दोनों की शादी अलग-अलग तय कर दी थी। क्रांति कुमारी की शादी 19 मई तथा प्रमोद की शादी 30 मई को होनी थी। दोनों का शगुन तिलक भी हो चुका था। शादी की तारीख नजदीक आते देख दोनों प्रेमी-प्रेमिका घर से भाग गए। लॉकडाउन के दौरान तैनात पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों घर छोड़ भागे हैं। पुलिस दोनों को पकड़ लिया। दोनों को थाना लाया गया। स्वजनों को इसकी सूचना दी।
दोनों के स्वजन थाना पहुंचे। प्रमोद और क्रांति को काफी समझाया-बुझाया। लेकिन दोनों मानने के लिए तैयार नहीं थे। अंत में आपसी सहमति जताते हुए दोनों की शादी करा देने का निर्णय लिया गया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पंडित ने पुलिस के वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर थाना परिसर से सटे शिवमंदिर के प्रांगण में दोनों के स्वजनों के समक्ष शादी करवा दी। दोनों से बांड लिखवा लिया गया कि किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं होना चाहिए। शादी के बाद स्वजन दोनों को घर लेते गए।