Bhagalpur Weather Alert: ठंड से नहीं मिलेगी राहत, पांच दिन बाद होगी बारिश

Bhagalpur Weather Alert पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल में अभी ठंंड का प्रकोप जारी रहेगा। पांच दिनों के बाद बारिश होने की संभावना है। न्‍यूनतम तापमान कम होने से लोग परेशान हैं। कोहरा भी छाया रहता है। सुबह घर से निकलने में काफी परेशानी होती है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 08:03 AM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 08:03 AM (IST)
Bhagalpur Weather Alert: ठंड से नहीं मिलेगी राहत, पांच दिन बाद होगी बारिश
भागलपुर में कोहरा के कारण परेशानी हो रही है।

संवाद सहयोगी, भागलपुर। मौसम का मिजाज दिनोंदिन सर्द होते जा रहा है। सर्दी के सितम ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मंगलवार को सूर्यदेव के दर्शन देने के बाद भी लोगों को राहत महसूस नहीं हुई। तेज हवाओं के झोंके ने दिन भर लोगों को परेशान किया। मौसम विज्ञानियों की माने तो अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। एक सप्ताह तक ठंड और शीतलहर लोगों के लिए परेशानियों का सबब बनी रहेगी। तापमान में हल्का उतार चढ़ाव जारी रहेगा। 23 जनवरी को शहरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाया रहेगा। तेज धूप निकलेगी। हवा की गति भी तेज रहेगी। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। शीतलहर का कहर जारी रहेगा। शाम में ठंड और अधिक बढ़ जाएगी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 17.4 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। ठंड ने पशुपालकों की भी परेशानी बढ़ा दी है। ठंड के कारण पशु भी बीमार पड़ने लगे हैं। जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. राजेश कुमार ने कहा कि पशुपालकों को अपने दुधारू मवेशी की विशेष देखभाल करनी चाहिए। मवेशी को खुले में नहीं रखें। शीतलहर की चपेट में आने से मवेशी बीमार पड़ सकता है।

कहलगांव में लोग परेशान

चल रही पछुआ हवा एवं आकाश में बादल छाए रहने के चलते कहलगांव में ठंड का भीषण प्रकोप गत दो दिनों से जारी है। दोपहर में सूर्य निकलता तो है लेकिन गर्माहट नहीं रहती है। शाम ढलते ही शीतलहर का प्रकोप शुरू हो जाता है। दिन में भी बाजार में चहलपहल नहीं के बराबर रहती है। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है।लोग ठंड से घरों में दुबक जाते है। ठंड के बढ़ते प्रकोप के बाद भी नगरपंचायत की ओर से नगर में कहीं भी अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं कि गई है। रिक्सा टोटो चालक, मजदूर एवं राहगीर ठंड से ठिठुरते रहते हैं।आग की खोज में भटकते रहते हैं। नगर पंचायत के वार्ड पार्षद अंगूरी बेगम ने नगरपंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र देकर नगर में जगह जगह अलाव जलवाने की मांग की है। नगर ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी कहीं भी प्रशासन एवं पंचायत प्रतिनिधि की ओर से अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं कि गई है। चल रही शीतलहर के कारण आलू एवं पान फसल में पाला ठंड की बीमारी लगने का भय बना हुआ है।किसान परेशान हैं।

chat bot
आपका साथी