बड़ी घटना को अंजाम देने बैठक कर रहे थे नक्‍सली, तभी आ गई पुलिस, एक गिरफ्तार Munger News

मुंगेर पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब उसने एक नक्‍सली को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस को इसकी बहुत दिनों से इंतजार था।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Sun, 02 Feb 2020 03:55 PM (IST) Updated:Sun, 02 Feb 2020 03:55 PM (IST)
बड़ी घटना को अंजाम देने बैठक कर रहे थे नक्‍सली, तभी आ गई पुलिस, एक गिरफ्तार Munger News
बड़ी घटना को अंजाम देने बैठक कर रहे थे नक्‍सली, तभी आ गई पुलिस, एक गिरफ्तार Munger News

मुंगेर, जेएनएन। मुंगेर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान नक्सली दस्ता के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार नक्सली लखीसराय, मुंगेर और जमुई जिलों में काफी सक्रिय था तथा पुलिस काफी दिनों से इसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने मुंगेर जिला के खड़गपुर थाना अंतर्गत दरियापुर निवासी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार नक्सली आशुतोष कुमार के खिलाफ मुंगेर जिला के लड़ैया टांड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि नक्सली दस्ता के सक्रिय सदस्य आशुतोष कुमार के खड़गपुर इलाके में होने की सूचना पर छापामारी दल का गठन किया गया था। सदर एएसपी हरिशंकर कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष कमल किस्कू, खड़गपुर थानाध्यक्ष मिंटू कुमार शामिल थे। लड़ैया टांड़ थानाध्यक्ष पिछले तीन दिनों से इसकी गिरफ्तारी के लिए रेकी कर रहे थे।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आशुतोष कुमार के खिलाफ लड़ैया टांड़ थाना कांड संख्या 36/19 दिनांक 03.09.2019 धारा 25(1-बी) ए, 26, 35 आर्म्स एक्ट, 18/20/22/23 यूएपीए के तहत प्राथमिकी दर्ज थी। विगत तीन सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि लड़ैया टांड़ थाना अंतर्गत न्यू बैसरा गांव के पीछे पहाड़ियों पर नक्सली दस्ता की बैठक चल रही है तथा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए नक्सलियों द्वारा बैठक आयोजित की गई थी।

उसी सूचना पर स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के द्वारा छापामारी कर एक नक्सली गोरेलाल नैया को बंदूक और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पहाड़ी पर पुलिस छापामारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर नक्सली भाग निकले थे। पुलिस ने वहां से काफी संख्या में नक्सली साहित्य और दूसरे आपत्तिजनक सामानों को बरामद किया था। दरअसल नक्सली उस बैठक में नक्सली गतिविधियों पर विचार विमर्श के लिए जुटे थे। पर्चे पोस्टर में बंदियों की रिहाई कराने तथा दूसरे नारे भी लिखे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार नक्सली गोरेलाल नैया के स्वीकारोक्ति बयान पर 19 माओवादियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार आशुतोष कुमार माओवादियों को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराते थे, माओवादियों को पुलिस गतिविधियों की सूचना देते थे और बैठकों में शामिल होकर रणनीतियां तैयार करते थे।

सदर एएसपी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा गिरफ्तार आशुतोष कुमार भी वारदात को अंजाम देने की रणनीतियां तैयार करने के लिए नक्सली दस्ते की बैठक में शामिल हुआ हुआ था। गिरफ्तार माओवादी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापामारी दल को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा लड़ैया टांड़ थाना ने लड़ैया टांड़ थाना कांड संख्या 53/19 धारा 366 (ए) तथा 8 पोक्सो एक्ट के अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है। 

chat bot
आपका साथी