TMBU छात्रसंघ चुनाव : 383 उम्मीदवार मैदान में, कॉलेजों में कैंप कर रही पीके की टीम

तिमांविवि में छात्र संघ चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन खत्‍म हो गया। शुक्रवार को नाम वापसी, 19 जनवरी को नामांकन पर आपत्ति के बाद 20 जनवरी को शिकायत निवारण कोषांग की बैठक होगी।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 09:51 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 10:56 PM (IST)
TMBU छात्रसंघ चुनाव : 383 उम्मीदवार मैदान में, कॉलेजों में कैंप कर रही पीके की टीम
TMBU छात्रसंघ चुनाव : 383 उम्मीदवार मैदान में, कॉलेजों में कैंप कर रही पीके की टीम

भागलपुर [जेएनएन]। छात्र संघ चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन 251 उम्मीदवारों ने नामांकन का पर्चा भरा। बुधवार को 132 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा था। इस बार के चुनाव में 383 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी ठोकी है। शुक्रवार को नाम वापसी, 19 जनवरी को नामांकन पर आपत्ति के बाद 20 जनवरी को शिकायत निवारण कोषांग की बैठक होगी। इसके बाद तय हो जाएगा कि कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह जाएंगे।

छात्रसंघ चुनाव के लिए सबसे अधिक नामांकन काउंसिलर के पदों के लिए हुआ है। 194 नामांकन केवल काउंसिलर के पदों के लिए हुए हैं। सबसे ज्यादा 34 नामांकन मारवाड़ी कॉलेज और 33 नामांकन टीएनबी कॉलेज में हुआ। इसकी एक वजह यह भी रही कि काउंसिलर के सबसे ज्यादा सात-सात पद इन्हीं दोनों कॉलेजों में हैं। इस पद के लिए एसएसवी कॉलेज में 21 और पीजी संकायों में 20 नामांकन हुए। लॉ संकाय (एलएलएम) में काउंसिलर के लिए एक भी नामांकन नहीं हुआ। 12 अंगीभूत कॉलेजों के साथ चार संकायों में काउंसिलर के लिए किए गए नामांकन शामिल हैं।

कॉलेज स्तर पर अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा छह नामांकन हुए तो उपाध्यक्ष के लिए सर्वाधिक पांच नामांकन किए गए। सचिव के लिए अधिकतम पांच, संयुक्त सचिव के लिए अधिकतम चार और कोषाध्यक्ष के लिए अधिकतम पांच नामांकन हुए। मुरारका कॉलेज में तीन पदों के लिए केवल एक-एक ही नामांकन हुआ है। छात्र जदयू के सोमू राज ने दावा किया है कि मुरारका कॉलेज में उपाध्यक्ष के उपाध्यक्ष के पद पर गंगा कुमार, सचिव निरंजन कुमार और कोषाध्यक्ष राजीव कुमार निर्विरोध हुए हैं।

एबीवीपी के सदस्यों ने सभी पदोंपर दाखिल किया पर्चा
छात्र संघ चुनाव को लेकर गुरुवार को सबौर कॉलेज के विभिन्न पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया। पूरे उत्साह उमंग के साथ प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने सभी पदों पर अपने प्रत्याशियों के विजयी होने की बात कही। पर्चा दाखिल करने वालों में अध्यक्ष पद के लिए सूरज कुमार, उपाध्यक्ष पर प्रेम राज, संयुक्त सचिव राजीव कुमार पाल, सचिव अमन कुमार, कोषाध्यक्ष नितिश कुमार, एवं काउंसलर के लिए अमित, राणा सिन्हा और प्रिंस कुमार आदि शामिल थे। मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सन्नी कुमार, एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य गोपाल झा, विजय आजाद, विश्वजीत पटेल, मुकुंद एवं गुलशन सहित अन्य उपस्थित थे।

कॉलेज      अध्यक्ष     उपाध्यक्ष    सचिव संयुक्त    सचिव     कोषाध्यक्ष      काउंसिलर

टीएनबी      पांच           पांच              पांच                  पांच          पांच                 33

मारवाड़ी      पांच          चार               चार                  चार           चार                  34

एसएसवी    छह           चार               पांच                 चार            चार                 21

बीएन          छह           तीन              चार                 चार             तीन                17

एसएम        तीन          तीन              तीन                तीन            तीन                19

एमएएम      चार           तीन             दो                    दो               तीन                 13

पीबीएस       चार           तीन             तीन                तीन             चार                 छह

जीबी           तीन           तीन             तीन                 दो                दो                    नौ

सबौर           दो              दो                दो                    दो                दो                   आठ

जेपी             चार           दो                दो                     दो               दो                   पांच

टीएनबी लॉ   तीन          दो               दो                      दो               तीन                 चार

मुरारका         दो            एक             एक                   दो               एक                  पांच

संकाय स्तर पर

सामाजिक विज्ञान : नौ

साइंस : चार

कॉमर्स : चार

मानविकी : तीन

पहुंचे हुए हैं अलीगढ़ मुस्लिम विवि, जेएनयू और मुंबई के छात्र

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों और पीजी विभागों में होने वाले छात्र संघ चुनाव में जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर (पीके) के आने से रोचक हो गया है। जदयू के रणनीतिकार प्रशांत किशोर की टीम कॉलेजों में कैंप कर रही है। एक दिन पहले तक टीम और प्रशांत किशोर के सक्रिय होने की बात दबी जुबान से कही जा रही थीं। लेकिन अब विवि के स्तर से भी इसकी पुष्टि हो गई है कि छात्र संघ चुनाव को लेकर जदयू काफी सक्रिय है। इस टीम में अलीगढ़ मुस्लिम विवि, जेएनयू और मुंबई से छात्र हैं।

गुरुवार को सूचना मिली कि पीके की टीम के कुछ लोग एमएएम कॉलेज नवगछिया में कैंप कर रहे हैं और वहीं से एमएएम कॉलेज, जीबी कॉलेज तथा जेपी कॉलेज नारायणपुर पर नजर रखे हुए हैं। इस बाबत मुख्य निर्वाची पदाधिकारी प्रो. योगेन्द्र ने एमएएम कॉलेज से जानकारी मांगी तो वहां बाहरी लोगों के सक्रिय होने की पुष्टि हुई। प्रो. योगेन्द्र ने कॉलेज की प्राचार्य को कहा कि ये लोग जिस उम्मीदवार से संपर्क करें उसका नामांकन रद कर दें। यह बात भी सामने आई कि खुद प्रशांत किशोर प्रो. योगेन्द्र से मिलना चाहते थे। उन्होंने अपने दो लोगों को उनके पास भेजा था। उनके लोगों ने प्रो. योगेन्द्र से कहा कि प्रशांत किशोर मिलना चाहते हैं। मुख्य निर्वाची अधिकारी ने बताया कि वह उनसे नहीं मिले। हालांकि उन्होंने इस वाकये को दस दिन पुराना बताया।

पीयू, एलएनएमयू की तरह यहां भी देंगे जवाब

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रदेश सह मंत्री कुश पांडेय ने प्रशांत किशोर और उनकी टीम की सक्रियता को छात्र संघ चुनाव को कलंकित करने वाला बताया और कहा कि प्रशांत किशोर ने पीयू और एलएनएमयू में भी धन-बल का जोर लगाया था। लेकिन औंधे मुंह गिरे थे। तिमांभाविवि के छात्र भी उनका यहां वही हाल करेंगे। भागलपुर के कुछ सफेदपोश नेता उनके लिए धनबल और प्रशासनिक बल की मदद कर रहे हैं।

दूसरे प्रत्याशियों से संपर्क करने का आरोप

कुश पांडे ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर की टीम दूसरे संगठनों के प्रत्याशियों से संपर्क कर तोडऩे का प्रयास कर रही है। इसके लिए उम्मीदवारों को कई तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी