वार्ड पार्षद शाहिद खान को सरे राह मारी गोली

By Edited By: Publish:Tue, 15 Jul 2014 12:21 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jul 2014 12:21 AM (IST)
वार्ड पार्षद शाहिद खान को सरे राह मारी गोली

जागरण संवाददाता, भागलपुर :

वार्ड 46 के पार्षद मो. शाहिद खान उर्फ चमरू मियां को बड़ी पोस्ट आफिस के समीप बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके बांए कांधे में लगी। शूटरों ने वार्ड 39 की पार्षद अंजुम शाहीन के पति शाबिर खान को भी निशाना बनाया पर वह बाल-बाल बच गए। घटना सोमवार शाम 4.45 बजे के आसपास घटी। हमलावर चार की संख्या में थे। उनमें से दो बाइक पर और दो पैदल थे। पुलिस ने दोनों घायलों को जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर मो. शाहिद के कंधे में लगी गोली निकाल दी। फिलहाल वे खतरे बाहर बताए जा रहे हैं।

घात लगाकर बैठे थे बदमाश

बदमाश घात लगा कर शाहिद और शाबिर के आने का इंतजार कर रहे थे।

उधर, वे दोनों शहबाज नगर निवासी मो. बेलाल की बाइक पर बैठकर घर जा रहे थे। उनके बड़ी पोस्ट आफिस के सामने पहुंचते ही बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब पहुंचे और पहले शाबिर खान पर गोली चलाई। हालांकि इस हमले में बाल-बाल बच गए। यह देख शाबिर ने बाइक गिरा दी भागने लगे। यह देख हमलावर ने फिर गोली चलाई जो शाहिद के बाएं कंधे में जा लगी। जान बचाने के लिए दोनों माउंट असीसि के रास्ते घुसे तो उधर से भी दो बदमाश गोलियां चलाते दौड़ पड़े। दोनों ओर से घिरने के बाद वे कचहरी जाने वाले मुख्य मार्ग की ओर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस गाड़ी वहां से गुजर रही थी। जिसे देख बदमाश भाग निकले। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।

की जा रही है छापेमारी

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एएसपी वीणा कुमारी, इंस्पेक्टर मनोरंजन भारती, तिलकामांझी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह आदि अस्पताल पहुंचे। एसएसपी विवेक कुमार के निर्देश पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अस्पताल परिसर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जख्मी पार्षद शाहिद खान और शाबिर खान का पुलिस ने बयान दर्ज कर लिया है।

chat bot
आपका साथी