समकालीन अभियान में 35 गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बेगूसराय : जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एसपी मनोज कुमार के आदेश पर शुक्रवार ए

By Edited By: Publish:Sun, 26 Oct 2014 10:10 AM (IST) Updated:Sun, 26 Oct 2014 10:10 AM (IST)
समकालीन अभियान में 35 गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बेगूसराय : जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एसपी मनोज कुमार के आदेश पर शुक्रवार एवं शनिवार को चलाए गए समकालीन अभियान के दौरान जहां 35 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अभियान के दौरान एक बंदूक, तीन देसी पिस्तौल एवं नौ जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। शुक्रवार की रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर एसपी मनोज कुमार एवं सदर डीएसपी राजकिशोर सिंह के आदेश पर नयागांव थानाध्यक्ष बीके राय ने छापामारी कर दरियापुर निवासी मो. अली हुसैन के पुत्र कुख्यात अपराधी असगर मियां उर्फ बिकाऊ मियां को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी मुफस्सिल थाना के फिरौती हेतु अपहरण के एक मामले में वांछित था।

वहीं शुक्रवार की ही रात्रि में एसपी के गुप्त सूचना के आधार पर मटिहानी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने छापामारी कर थाना कांड 89/14 में हत्याकांड के अभियुक्त शंकरपुर बखड्डा निवासी पप्पु कुंवर के पुत्र मधुर कुमार उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया। वहीं थाना कांड संख्या 61/14 में हत्या के प्रयास का आरोपी रामदीरी लभरचक निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र शातिर अपराधी रौशन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी ओर एसपी के निर्देश पर बखरी डीएसपी के नेतृत्व में परिहारा ओपी अध्यक्ष मिंटु कुमार सिंह ने छापामारी कर परिहारा निवासी शातिर अपराधी स्व. राम स्वरूप बिंद के पुत्र नरेश बिंद एवं जय जय राम बिंद के पुत्र कैलाश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बारह बोर का एक बंदूक, पांच जिंदा कारतूस एवं एक बिंडोलिया बरामद किया। नरेश हत्या, रंगदारी, लूट जैसे आधा दर्जन से अधिक मामलों में वांछित था। शुक्रवार की ही रात्रि में एसपी व मंझौल डीएसपी के गुप्त सूचना के आधार पर खोदावंदपुर थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने थाना कांड संख्या 188/14 में 366ए/34 भादिव के अभियुक्त खोदावंदपुर मुसहरी निवासी अनिल कुमार महतो के पुत्र संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

इधर एफसीआई ओपी अध्यक्ष एसपी रमाणी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र लेकर बीहट, गुरुदासपुर टोला स्थित पीर स्थान के तरफ किसी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की रात्रि में ही छापामारी की गई। छापामारी के दौरान उसी गांव के रामाशीष सिंह के पुत्र बिट्टू कुमार सिंह को एक लोडेड देसी पिस्तौल तथा एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

समकालीन अभियान के दौरान ही एसपी के आदेश पर सदर डीएसपी राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में पुअनि गुंजन कुमार, सअनि लग्नदेव राम तथा सशस्त्र बल के साथ सघन छापामारी की गई। छापामारी के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे अपराधी मल्हीपुर बिंदटोली निवासी रोहित बिंद के पुत्र खोनमा बिंद को गिरफ्तार किया। तलाशी के क्रम में आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्तौल बरामद किया। पकड़ा गया आरोपी कई मामले में वांछित था।

इसी दौरान सदर डीएसपी के नेतृत्व में गढ़हरा ओपी अध्यक्ष पूनम सिन्हा ने छापामारी कर बारो, सहनी टोला निवासी कुख्यात अपराधी गणेश सहनी को गिरफ्तार किया। उक्त आरोपी रायफल लूट कांड में वांछित था। वहीं सिंघौल थाना क्षेत्र से बीते दिनों चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रक लूट लेने के मामले में पुलिस ने छापामारी कर लाखो से माल समेत ट्रक को जब्त कर लिया है।

यह जानकारी एसपी मनोज कुमार ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

chat bot
आपका साथी