बांका में 45 फीसद डाले गए वोट

By Edited By: Publish:Thu, 21 Aug 2014 05:53 PM (IST) Updated:Thu, 21 Aug 2014 05:53 PM (IST)
बांका में 45 फीसद डाले गए वोट

जासं, बांका : कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार को बांका विधानसभा उप चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में 45.7 फीसद वोट डाले गए। इस दौरान चुनाव में व्यवधान पहुंचाने के आरोप में मतदान केन्द्र संख्या 151 से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि 15 वाहन जब्त किए गए है। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी साकेत कुमार ने बताया कि मतदान का प्रतिशत 45.7 रहा है। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 19 मध्य विद्यालय डोमाखांड में ग्रामीणों ने सड़क के लिए मतदान का बहिष्कार किया। यहां 581 मतदाता हैं। इसके अलावा फुल्लीडुमर, चिलमिल, हिजरार में भी बहिष्कार की तैयारी थी। पर बाद में वहां मतदान करा लिया गया। ढाका, लाढोमाटी व लक्ष्मीपुर बूथ पर ईवीएम गड़बड़ी के कारण देरी से मतदान शुरू हुआ। इधर, बाराहाट प्रखंड के चिलमिल में भी ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का ऐलान किया था। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद लगभग 11 बजे से वहां मतदान शुरू हो पाया। मतदान को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम दिखा। बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती के अलावा सड़कों पर पुलिस गश्त भी तेज रही। स्वयं डीएम के साथ एसपी डॉ. सत्यप्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र घोषित होने के कारण मतदान प्रात: सात से संध्या चार बजे तक चला।

chat bot
आपका साथी