विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थाईलैंड-बाली छोड़ वियतनाम के 'हा लॉन्ग बे' पर उमड़े टूरिस्ट, 10 महीने में 230 करोड़ की कमाई का बना रिकॉर्ड

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:23 PM (GMT+05:30)

वियतनाम का 'हा लॉन्ग बे' नया ग्लोबल टूरिज्म हॉटस्पॉट बन गया है, जिसने 10 महीनों में 30 लाख पर्यटकों को आकर्षित कर 230 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।

वियतनाम का हा लॉन्ग बे बना नया ट्रैवल ट्रेंड (Image Source: AI-Generated)

वियतनाम का हा लॉन्ग बे बना नया ट्रैवल ट्रेंड (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप भी विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं और हर बार वही पुराने डेस्टिनेशन देखकर बोर हो चुके हैं, तो दुनिया का नया ट्रैवल ट्रेंड आपको वियतनाम ले जाएगा।

जी हां, वियतनाम के उत्तर-पूर्वी तट पर बसा 'हा लॉन्ग बे' इन दिनों ग्लोबल टूरिज्म का सबसे बड़ा सुपरस्टार बनकर उभरा है। कोविड के बाद जब दुनिया ने दोबारा बैग पैक करना शुरू किया, तो सैलानियों के सबसे पसंदीदा ठिकानों में इस जगह ने सबको पीछे छोड़ दिया।

हाल के सरकारी आंकड़े बताते हैं कि यहां पर्यटन का ग्राफ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। महज 10 महीनों के भीतर यहां 30 लाख के करीब सैलानी पहुंच चुके हैं, जिससे वियतनाम को 700 अरब वियतनामी डोंग यानी करीब 230 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई है।

विदेशी सैलानियों के बीच जबरदस्त क्रेज

हा लॉन्ग बे की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां आने वाले कुल पर्यटकों में करीब 65 फीसदी हिस्सेदारी विदेशी सैलानियों की है। यानी यह जगह सिर्फ स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यूरोप, अमेरिका और एशिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग इसे देखने के लिए खिंचे चले आ रहे हैं।

खास बात यह है कि अगस्त से अक्टूबर के बीच के सिर्फ तीन महीनों में ही 6.85 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने यहां दस्तक दी। जी हां, महामारी के बाद किसी एक डेस्टिनेशन पर इतनी तेज रफ्तार से भीड़ का लौटना अपने आप में एक बड़ी कामयाबी है।

प्रकृति की जादुई कारीगरी है यह इलाका

आखिर हा लॉन्ग बे में ऐसा क्या है जो हर किसी को अपना दीवाना बना लेता है? इसका जवाब वहां के अद्भुत भूगोल में छिपा है। करीब 65,650 हेक्टेयर में फैले इस द्वीपसमूह में जब आप कदम रखते हैं, तो लगता है मानो किसी पेंटिंग के भीतर आ गए हों। समुद्र के गहरे हरे-नीले पानी से अचानक उभरते 1,600 से ज्यादा चूना पत्थर के टापू इस जगह को दुनिया के किसी भी दूसरे समुद्र तट से अलग बनाते हैं।

यहां मौजूद गुफाएं करीब 50 करोड़ साल पुरानी बताई जाती हैं, जिनके भीतर की आकृतियां सैलानियों को रोमांच से भर देती हैं। यही वजह है कि साल 1994 में ही यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर का दर्जा दे दिया था। यहां की पारंपरिक लकड़ी की नावों और क्रूज पर बैठकर इन टापुओं के बीच से गुजरना, कयाकिंग करना और समुद्र के बीच ढलते सूरज को देखना जिंदगी भर न भूलने वाला अनुभव देता है।

Vietnam vs Thailand and Bali

हा लॉन्ग बे की सैर के दौरान सेल्फी लेते पर्यटक। (AI जनरेटेड तस्वीर)

भारतीय पर्यटकों के लिए क्यों बना ड्रीम डेस्टिनेशन?

पिछले कुछ समय में भारतीय ट्रैवलर्स के बीच भी वियतनाम और खासकर हा लॉन्ग बे को लेकर जबरदस्त दीवानगी देखी गई है। इसके पीछे सिर्फ इसकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि यात्रा की आसानी भी बड़ी वजह है।

सबसे पहले तो वियतनाम की ई-वीसा प्रक्रिया बेहद सरल है, जिससे कागजी झंझट के बिना ट्रिप प्लान करना आसान हो जाता है। इसके अलावा, विदेश जाने वाले भारतीय पर्यटकों के सामने अक्सर खाने-पीने की दिक्कत आती है, लेकिन अब यहां शाकाहारी और भारतीय स्वाद के मुताबिक भोजन आसानी से मिल जाता है। कम बजट में यूरोप जैसी खूबसूरती और लग्जरी क्रूज का अनुभव मिलने से भारतीय कपल्स, परिवार और सोलो ट्रैवलर्स बड़ी संख्या में इस तरफ रुख कर रहे हैं।

तेजी से बढ़ते पर्यटकों और शानदार मेहमाननवाजी के दम पर हा लॉन्ग बे ने साबित कर दिया है कि एशिया के टूरिज्म मैप पर उसका दबदबा अभी और बढ़ने वाला है। अगर आपकी बकेट लिस्ट में अभी तक इस जगह का नाम नहीं जुड़ा है, तो शायद अब वक्त आ गया है इसे सबसे ऊपर रखने का।

यह भी पढ़ें- सहेलियों संग घूमने के लिए परफेक्ट महीना है दिसंबर, देश के ये 7 फेस्टिवल्स आपकी गर्ल्स ट्रिप को बनाएंगे यादगार

यह भी पढ़ें- महज ₹7 हजार के बजट में घूम आएं राजस्थान से उत्तराखंड तक! दिल्ली वालों के लिए विंटर की 5 शानदार ट्रैवल डेस्टिनेशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।