सहेलियों संग घूमने के लिए परफेक्ट महीना है दिसंबर, देश के ये 7 फेस्टिवल्स आपकी गर्ल्स ट्रिप को बनाएंगे यादगार
दिसंबर में भारत के ये 7 खास फेस्टिवल्स सहेलियों के साथ ट्रिप को यादगार बना सकते हैं।

गर्ल्स ट्रिप के लिए दिसंबर महीने के 7 खास फेस्टिवल्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
तमन्ना चौहान, नई दिल्ली। महिलाओं के लिए यात्रा के मायने केवल नई जगहों को देखने तक सीमित नहीं होते। कभी यह अनजाने स्वादों को चखने की चाह होती है, तो कभी बिना किसी खास मौके के सजने-संवरने का उत्साह, और कभी सिर्फ उन चंद दिनों की तलाश जहां सारी जिम्मेदारियों को पीछे छोड़कर सिर्फ खुद को जीने की आजादी हो।
जब सफर महिला मित्रों के समूह के साथ हो, तो बेफिक्र ठहाकों, अचानक रुक कर की जाने वाली खरीदारी और गहरी होती दोस्ती का जादू इस अनुभव को और भी खास बना देता है। इस दिसंबर देश के अलग-अलग कोनों में सजने वाले ये सात सांस्कृतिक उत्सव महिलाओं को सफर पर निकलने के सात अलग-अलग और यादगार बहाने दे रहे हैं।
पूर्वोत्तर में नगाड़ों की गूंज
दिसंबर की पहली सुबह नगालैंड की पहाड़ियों में नगाड़ों की गूंज के साथ खुलती है। कोहिमा से बारह किलोमीटर दूर किसामा हेरिटेज विलेज में 1 से 10 दिसंबर तक 27वां 'हार्नबिल फेस्टिवल' आयोजित होगा। नगालैंड सरकार के पर्यटन और कला विभाग का यह आयोजन पूर्वोत्तर की जनजातीय अस्मिता का सबसे बड़ा प्रदर्शन है। दस दिनों तक राज्य की 17 प्रमुख जनजातियां अपने पारंपरिक युद्ध नृत्य, लोकगीत और स्वदेशी खेलों का दम दिखाती हैं। बांस से बने पारंपरिक व्यंजनों की महक पूरे परिसर में तैरती है। सूरज ढलते ही यह लोक मंच आधुनिक रॉक संगीत के शोर में बदल जाता है, जहां देश भर के बैंड अपनी ताकत आजमाते हैं।
खान-पान के जरिए किसी नई जगह को समझने की शौकीन महिलाओं के लिए यह उत्सव किसी रोमांचक यात्रा से कम नहीं है। सहेलियों के समूह में बैठकर अनजाने व्यंजनों का स्वाद चखना और पारंपरिक वेशभूषा व जनजातीय जीवन को करीब से देखना यहां एक यादगार अनुभव बन जाता है।
बर्फ पर मक्खन के दीये
जब मैदानी इलाकों में लोग ऊनी कपड़ों की परतें बढ़ाते हैं, लद्दाख में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे लुढ़क चुका होता है। इसी हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच 3 दिसंबर 2026 को लेह और पूरे लद्दाख में 'गलदान नामचोट' का उत्सव होगा। तिब्बती चंद्र कैलेंडर के दसवें महीने के 25वें दिन पड़ने वाला यह पर्व महान बौद्ध गुरु जे त्सोंगखापा की स्मृति से जुड़ा है। इस रात मठों, स्तूपों और मिट्टी के घरों की मुंडेरों पर हजारों मक्खन के दीये रोशन किए जाते हैं।
बर्फीली हवाओं के थपेड़ों के बीच टिमटिमाती ये लौ एक गहरा सन्नाटा और आध्यात्मिक ताप रचती है। इसी रात से लद्दाख में पारंपरिक नववर्ष 'लोसार' की उलटी गिनती शुरू होती है। कड़ाके की सर्दी में लद्दाख की यह यात्रा महिलाओं के बीच साथ और आत्मीयता को और गहरा करती है। दिन भर बर्फीली हवाओं का सामना करने के बाद, शाम को मक्खन वाली गर्म चाय की चुस्कियों के साथ स्थानीय परंपराओं पर बात करना भागदौड़ से भरी जिंदगी को थाम कर हर पल को साथ जीने का अहसास देता है।
कला का सार्वजनिक विमर्श
दिसंबर में गोआ की छवि आम तौर पर समंदर किनारे चलती पार्टियों तक सिमटी रहती है। मगर इस शोर से अलग पणजी में मांडोवी नदी के किनारे कला का एक गंभीर विमर्श आकार लेता है। 13 से 20 दिसंबर तक यहां 11वां 'सेरेन्डिपिटी आर्ट्स फेस्टिवल' आयोजित होगा। सेरेन्डिपिटी आर्ट्स फाउंडेशन का यह मंच देश के सबसे बड़े बहु-विधा कला उत्सवों में गिना जाता है। आठ दिनों तक शहर की पुरानी इमारतों और सार्वजनिक पार्कों को कला दीर्घाओं में ढाला जाता है।
दृश्य कला, रंगमंच, नृत्य, संगीत, फोटोग्राफी और पाक कला के प्रयोग यहां बिना किसी बंदिश के आम दर्शक से संवाद करते हैं। रोजमर्रा की जिम्मेदारियों से दूर, यह उत्सव अपनी रचनात्मकता और जिज्ञासा को खुलकर जीने की आजादी देता है। बिना किसी तय ढर्रे के कला प्रदर्शनियों में घूमना, कार्यशालाओं से जुड़ना और स्वतंत्र कलाकारों के काम को निहारना मन को नई ऊर्जा और प्रेरणा से भर देता है।
संगीत सम्राट की स्मृति
शास्त्रीय संगीत के गुणग्राहकों के लिए दिसंबर का दूसरा पखवाड़ा मध्य प्रदेश के ग्वालियर की ओर मुड़ता है। 14 से 19 दिसंबर 2026 तक यहां 102वां तानसेन संगीत समारोह आयोजित होगा। मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी की ओर से यह सभा संगीत सम्राट तानसेन की समाधि के निकट सजती है। समारोह की अंतिम सभा तानसेन की जन्मस्थली बेहट में होती है। छह दिनों तक देश-दुनिया के शीर्ष गायक और वादक अपनी संगीत साधना का परिचय देते हैं।
खुले आसमान के नीचे, कड़ाके की ठंड और अलाव की आंच के बीच राग-रागनियों की यह गूंज शास्त्रीय परंपरा की जीवंतता का प्रमाण है। कामकाज और परिवार के बीच अक्सर खुद को भूल जाने वाली महिलाओं के लिए यह समारोह विशुद्ध रूप से 'अपने समय' (मी-टाइम) का एक सुंदर बहाना है। यहां शास्त्रीय संगीत का जानकार होना जरूरी नहीं, बस अपनी जगह पर बैठकर घड़ी और कल की फिक्र छोड़े बिना रागों की गहराई में डूब जाना ही सबसे बड़ा सुकून है।
किले में लोकराग के रंग
राजस्थान के जयपुर में दिसंबर की खिली धूप और ठंडी हवाओं के बीच विरासत और लोक संगीत का अध्याय लिखा जाएगा। 18 से 20 दिसंबर तक आमेर स्थित जयगढ़ किले की प्राचीर पर तीसरा जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल सजेगा। जयपुर के पूर्व राजपरिवार के सहयोग से टीमवर्क आर्ट्स और वेदांता इस उत्सव की मेजबानी कर रहे हैं। जयपुर की स्थापना के 300वें वर्ष की तैयारियों से जुड़े इस आयोजन में राजस्थानी लोक संगीत के साथ समकालीन धुनों का मेल दिखेगा।
मामे खान, सोना महापात्रा, पापोन और कबीर कैफे जैसे कलाकार अपनी आवाज से माहौल को जीवंत करेंगे। हेरिटेज वॉक, शिल्प बाजार और पारंपरिक रसोई इस शाही अनुभव को पूरा करते हैं। इतिहास, पारंपरिक वस्त्रों और बारीक कारीगरी से प्रेम करने वाली महिलाओं के लिए यह किसी शाही दावत से कम नहीं है। बिना किसी खास मौके के खुद को राजसी ठाठ का अहसास कराने और राजस्थानी आभूषणों व शिल्प को करीब से देखने का यह एक बेहतरीन अवसर है।
नमक पर नाचती चांदनी
भारत के पश्चिमी छोर पर गुजरात का कच्छ क्षेत्र अपनी अनूठी भौगोलिक बनावट से सैलानियों को खींचता है। धोरडो के सफेद रेगिस्तान में गुजरात पर्यटन का प्रमुख आयोजन 'रण उत्सव' दिसंबर में पूरे महीने चरम पर रहता है। चतुर्दशी-पूर्णिमा की रातें (इस बार दिसंबर में 22 से 24 तारीख के बीच) यहां बड़ा आकर्षण हैं। मीलों तक फैली नमक की सख्त सफेद परत पर जब चांद की रोशनी उतरती है, तो माहौल जादुई हो जाता है। इस उत्सव में रेगिस्तान के बीच बसी अस्थायी टेंट सिटी में ठहरने वाले लोग कच्छी लोक नृत्य, संगीत और स्थानीय कारीगरी के करीब आते हैं।
यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल देने वाला एक सफल मॉडल बन चुका है। सजने-संवरने की शौकीन महिलाओं के लिए कच्छ का यह रण किसी सपने जैसा है, जहां रंग-बिरंगी कच्छी कढ़ाई, शीशे के काम वाले परिधान, आक्सीडाइज्ड ज्वैलरी की हाट और चांदी के पारंपरिक आभूषण पहनकर तैयार होने का अलग ही उत्साह होता है। पूर्णिमा की चांदनी में सफेद रेगिस्तान की पृष्ठभूमि पर सहेलियों के साथ तस्वीरें खिंचवाना इस यात्रा को रंग, स्टाइल और दोस्ती का जश्न बना देता है।
दक्षिण तट पर विदाई
साल के अंतिम सप्ताह में सांस्कृतिक हलचल का केंद्र दक्षिण भारत के केरल की ओर खिसक जाता है। 25 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक फोर्ट कोच्चि की ऐतिहासिक गलियों में कोचीन कार्निवल का रंग चढ़ेगा। केरल पर्यटन के वार्षिक कैलेंडर का यह प्रमुख हिस्सा पुर्तगाली विरासत और स्थानीय संस्कृति के टकराव और मेल को दिखाता है। कार्निवल के दौरान समुद्र तट पर खेल स्पर्धाएं, संगीत सभाएं और कला प्रदर्शनियां चलती हैं।
इसका चरम 31 दिसंबर की मध्यरात्रि को 'पप्पनजी' के विशाल पुतले के दहन के साथ आता है। आग की लपटों में पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत की यह परंपरा अगली सुबह एक भव्य परेड के साथ पूरी होती है। यह उत्सव उन महिलाओं के लिए है जो साल के अंत में हर चिंता और रूटीन को पीछे छोड़कर खुलकर जश्न मनाना चाहती हैं। कोच्चि की जीवंत गलियों में घूमना, स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेना और आधी रात को आतिशबाजी व उल्लास के बीच नए साल का स्वागत करना जीवन भर की यादें समेटने जैसा है।
सफर की जरूरी सावधानियां (ट्रैवल टिप्स)
कपड़ों की सही पैकिंग
दिसंबर में भारत के अलग-अलग हिस्सों का मौसम बिल्कुल भिन्न होता है। लद्दाख के लिए भारी थर्मल और विंडप्रूफ जैकेट, ग्वालियर व कच्छ की रातों के लिए गर्म ऊनी कपड़े, तो गोवा और कोच्चि के लिए हल्के सूती वस्त्र साथ रखें।
समय से पहले बुकिंग
हॉर्नबिल, रण उत्सव और कोचीन कार्निवल जैसे बड़े आयोजनों के दौरान ठहरने की जगहें काफी पहले भर जाती हैं, इसलिए होटल या टेंट सिटी की बुकिंग पहले ही कर लें।
दस्तावेज और परमिट
नगालैंड जाने के लिए 'इनर लाइन परमिट' की आवश्यकता होती है, जिसे ऑनलाइन पहले ही बनवा लें। सभी जगहों पर अपना मूल पहचान पत्र साथ रखें।
स्वास्थ्य और हाइजीन
लद्दाख जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में पहले दिन पूरा आराम करें ताकि मौसम के अनुकूल ढल सकें। अनजाने और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेते समय साफ-सफाई और पीने के पानी का विशेष ध्यान रखें।
सिर्फ एक साल में घरेलू पर्यटन 45.5 प्रतिशत बढ़ा
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की सितंबर 2026 में जारी रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में देश में 428.55 करोड़ घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। यह आंकड़ा वर्ष 2024 की 294.81 करोड़ यात्राओं के मुकाबले 45.5 प्रतिशत अधिक है।
5.22 प्रतिशत तक पहुंच गई है भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन की हिस्सेदारी ।
8.46 करोड़ लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है पर्यटन क्षेत्र से भारत में।
स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों और ग्रामीण बाजारों तक पूंजी की सीधी पहुंच का काम करता है घरेलू सांस्कृतिक पर्यटन।
यह भी पढ़ें- महज ₹7 हजार के बजट में घूम आएं राजस्थान से उत्तराखंड तक! दिल्ली वालों के लिए विंटर की 5 शानदार ट्रैवल डेस्टिनेशन
यह भी पढ़ें- लाखों रुपये खर्च किए बिना भी कर सकते हैं फॉरेन ट्रिप, इन देशों में मिलेगी शॉपिंग से लेकर थीम पार्क तक की मौज
(लेखिका परिचय: तमन्ना चौहान एक अनुभवी यात्री और 'जुगनी ट्रैवल्स' की सीईओ हैं। वे विशेष रूप से महिलाओं के लिए 'वीमेन ओनली ट्रैवल ग्रुप्स' का संचालन करती हैं और यात्राओं के माध्यम से महिलाओं को नई संस्कृतियों से जुड़ने व आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।