गोवा की भीड़-भाड़ नहीं पसंद? इस बार प्लान करें महाराष्ट्र के 'रत्नागिरी' की ट्रिप, दिल जीत लेंगे हसीन नजारे
अगर आप छुट्टियों में किसी ऐसी जगह की तलाश में हैं जो सुकून से भरी हो, तो महाराष्ट्र का रत्नागिरी आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बन सकता है।

समुद्र किनारे सुकून चाहिए, तो पहुंचें महाराष्ट्र के रत्नागिरी (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी महाराष्ट्र में घूमने की बात आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले खूबसूरत पहाड़, झरने और वेस्टर्न घाट की हरियाली ही आती है। खासकर मानसून के समय तो यहां ट्रेकिंग करने वालों का तांता लग जाता है। हालांकि, क्या आपको मालूम है कि महाराष्ट्र की खूबसूरती सिर्फ पहाड़ों तक ही सीमित नहीं है?
अगर आप रोजमर्रा की भागदौड़ और भीड़-भाड़ से दूर, समंदर के किनारे कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो 'रत्नागिरी' आपके लिए एक परफेक्ट हॉलिडे डेस्टिनेशन हो सकता है।

(Image Source: AI-Generated)
'रत्नागिरी' में देखें कुदरत का असली रूप
रत्नागिरी महाराष्ट्र के कोंकण इलाके का हिस्सा है। आपको बता दें कि कोंकण असल में 720 किलोमीटर लंबा एक तटीय क्षेत्र है, जो महाराष्ट्र से लेकर गोवा तक फैला हुआ है। इसी तटीय इलाके में बसा है रत्नागिरी, जहां की खूबसूरती आज भी अपने असली रूप में बरकरार है। आइए आपको बताते हैं कि रत्नागिरी में आप किन-किन शानदार जगहों की सैर कर सकते हैं।
थिबॉ पैलेस
इतिहास और वास्तुकला के शौकीनों के लिए यह जगह किसी सरप्राइज से कम नहीं है। 27 एकड़ में फैला यह तीन मंजिला महल ब्राह्मी शैली में बनाया गया है। इसके चारों ओर खूबसूरत बगीचे हैं। महल के अंदर लकड़ी का शानदार फर्श, शीशे की गुंबदनुमा खिड़कियां, पुरानी मूर्तियां और एक बहुत बड़ा डांसिंग हॉल आपका मन मोह लेगा। अब इस महल को एक म्यूजियम में बदल दिया गया है, जिसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर बेहतरीन कलाकृतियां देखी जा सकती हैं। इसी के पास मौजूद थिबॉ पॉइंट से पूरे रत्नागिरी शहर का नजारा बेहद मनमोहक लगता है।
जयगढ़ किला
शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर जयगढ़ गांव में आप इस 16वीं सदी के ऐतिहासिक किले को देख सकते हैं। 13 एकड़ में फैले इस किले को बीजापुर के सुल्तान ने उस जगह पर बनवाया था, जहां शास्त्री नदी और अरब सागर का मिलन होता है। हालांकि अब इस किले के कई हिस्से खंडहर में बदल चुके हैं, लेकिन ऊंचाई से दिखने वाला आसपास का नजारा आज भी लोगों को बांधे रखता है। किले की सैर के साथ-साथ आप पास में ही मौजूद पोर्ट एंग्रे और लाइटहाउस भी घूमने जा सकते हैं।
आरे-वारे बीच
जब आप रत्नागिरी से गणपतिपुले की तरफ जाएंगे, तो रास्ते में आपको ये दो बेहद शांत समुद्र तट मिलेंगे। रत्नागिरी से इनकी दूरी मात्र 15 किलोमीटर और गणपतिपुले से 8 किलोमीटर है। दिलचस्प बात यह है कि आरे और वारे नाम के गांवों के पास मौजूद ये दोनों तट एक ही पहाड़ के दो अलग-अलग हिस्सों पर बसे हैं। अगर आप पहाड़ के एकदम ऊपर जाकर देखेंगे, तो दोनों बीचेस का एक साथ दिखने वाला नजारा आपकी सारी थकान मिटा देगा। यहां आपको पर्यटकों की भारी भीड़ बिल्कुल नहीं मिलेगी।
गणेशघुले बीच
रत्नागिरी के दक्षिणी हिस्से में मौजूद यह बीच सफेद रेत और छोटी-छोटी पहाड़ियों से घिरा हुआ है। कपल्स और नेचर लवर्स के लिए यह एक बहुत ही रोमांटिक जगह है। इस शांत और खूबसूरत जगह तक पहुंचने के लिए आपको एक छोटी-सी ड्राइव का मजा लेने का मौका भी मिलेगा।

(Image Source: AI-Generated)
अक्टूबर से मार्च का महीना है घूमने के लिए बेस्ट
यहां का ट्रिप प्लान करने के लिए अक्टूबर से मार्च का महीना सबसे बेहतरीन माना जाता है। इस दौरान मौसम काफी ठंडा और सुहावना रहता है। वहीं, गर्मियों में यहां बहुत उमस होती है। बारिश के मौसम में भी यहां तेज हवाएं चलती हैं और रास्तों में फिसलन का डर रहता है, इसलिए सर्दियों की गुलाबी ठंड में यहां की सैर करना सबसे अच्छा है।
कैसे पहुंचें रत्नागिरी?
- ट्रेन से: कोंकण रेलवे रूट पर होने की वजह से रत्नागिरी रेल मार्ग से बहुत अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। मुंबई, पुणे और गोवा से आपको यहां के लिए सीधी ट्रेनें मिल जाएंगी।
- फ्लाइट से: यहां का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट रत्नागिरी एयरपोर्ट ही है। वहां से आप आसानी से बस या टैक्सी बुक कर सकते हैं।
- सड़क मार्ग से: आप अपनी पर्सनल कार या बस से भी बेहतरीन सफर का मजा लेते हुए यहां आ सकते हैं। मुंबई और पुणे से सरकारी व प्राइवेट बसें आसानी से उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें- वाइल्डलाइफ लवर्स का इंतजार खत्म, शुरू हुई सरिस्का में टाइगर सफारी; यहां पढ़ें ट्रिप का पूरा खर्च
