'हम तो यहीं बैठेंगे...' ट्रेन में आपकी कंफर्म सीट से नहीं हट रहा यात्री? 4 तरीकों से लें रेलवे की मदद
अगर ट्रेन में आपकी आरक्षित सीट पर कोई और बैठा है और हटने से मना कर रहा है, तो परेशान ...और पढ़ें

ट्रेन में बिना लड़े अपनी सीट खाली करवाने के 4 तरीके (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मान लीजिए, आप बड़े उत्साह के साथ ट्रेन में अपनी बुक की हुई सीट पर पहुंचते हैं, लेकिन वहां पहले से ही कोई अनजान शख्स मजे से बैठा है। आपके टोकने पर वह उठने के बजाय उल्टा बहस करने लगता है। ऐसी स्थिति में गुस्सा आना लाजमी है।
मगर, आपको उस व्यक्ति से उलझने या लड़ाई-झगड़ा करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। जी हां, भारतीय रेलवे ने ऐसे हालात से निपटने के लिए बहुत ही आसान और पक्के इंतजाम किए हैं। आइए जानते हैं कि बिना अपना मूड खराब किए आप स्मार्ट तरीके से अपनी सीट कैसे वापस पा सकते हैं।
सबसे पहले TTE को बताएं
अगर कोई आपकी सीट खाली करने से मना कर रहा है, तो आपका सबसे पहला कदम ट्रेन के टीटीई से संपर्क करना होना चाहिए। सफर के दौरान यात्रियों की हर परेशानी को सुलझाना टीटीई की जिम्मेदारी होती है। वे खुद आकर उस व्यक्ति को आपकी जगह से हटाएंगे।
डायल करें रेलवे हेल्पलाइन
अगर किसी वजह से आपको अपने कोच के आस-पास टीटीई नहीं मिल रहे हैं या वह आपकी समस्या नहीं सुलझा पा रहे हैं, तो परेशान न हों। बस अपना फोन उठाइए और रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर दीजिए। यह नंबर यात्रियों के लिए 24 घंटे काम करता है। यहां शिकायत नोट कराते ही तुरंत आपकी मदद की जाएगी।
सोशल मीडिया का स्मार्ट यूज करें
आजकल रेलवे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और यहां शिकायतों पर बहुत तेजी से काम होता है। आप फेसबुक या एक्स पर अपनी समस्या लिखकर @RailMinIndia या @IRCTCofficial को टैग कर सकते हैं। शिकायत मिलते ही रेलवे की डिजिटल टीम तुरंत रिप्लाई करेगी और आपको आपकी सीट पर ही सहायता मिल जाएगी।
बात बिगड़े, तो RPF को बुलाने में न करें देरी
अगर सामने वाला व्यक्ति बदतमीजी पर उतर आए और माहौल गरमाने लगे, तो तुरंत RPF से मदद मांगें। आपको बता दें कि लंबी दूरी तय करने वाली हर ट्रेन में आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहते हैं। वे मौके पर आकर बिगड़ती स्थिति को संभाल लेंगे और सुरक्षा के साथ आपकी सीट आपको वापस दिलाएंगे।
याद रखें, सफर के दौरान तनाव लेना ठीक नहीं है। इसलिए, जब कभी कोई आपकी आरक्षित सीट पर हक जताए, तो एक समझदार यात्री की तरह बिना उलझे रेलवे की इन सुविधाओं का फायदा उठाएं।
यह भी पढ़ें- ट्रेन में रात के समय लाइट जलाने की परमिशन होती है या नहीं? हर यात्री को रट लेना चाहिए रेलवे का यह नियम
यह भी पढ़ें- क्या मिडिल-अपर बर्थ वाले भी रख सकते हैं लोअर सीट के नीचे सामान? सफर से पहले जान लें रेलवे का नियम
