IRCTC का नॉर्थ-ईस्ट टूर पैकेज: हॉर्नबिल फेस्टिवल से काजीरंगा सफारी तक, 7 दिन में घूमें ये शानदार जगहें
क्या आप नॉर्थ ईस्ट इंडिया की समृद्ध संस्कृति और खूबसूरत प्राकृतिक नजारे एक साथ देखना चाहते हैं? अगर हां, तो ...और पढ़ें

नागालैंड का हॉर्नबिल फेस्टिवल देखने का है प्लान? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप नॉर्थ-ईस्ट इंडिया की शानदार संस्कृति, रंग-बिरंगे त्योहारों और घने जंगलों को करीब से देखना चाहते हैं, तो IRCTC का यह खास टूर पैकेज आपके लिए एकदम परफेक्ट है। इस पैकेज में गुवाहाटी, काजीरंगा और कोहिमा का सफर भी शामिल है। आइए जानते हैं इस 7 दिनों की ट्रिप की पूरी डिटेल्स।
क्या हैं ट्रिप की तारीखें?
यह ट्रिप 5 दिसंबर 2026 को शुरू होगी और 11 दिसंबर 2026 को खत्म होगी। आप मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट लेकर गुवाहाटी और फिर वहां से दीमापुर पहुंचेंगे। वापसी की फ्लाइट गुवाहाटी से सीधे मुंबई के लिए होगी।
कौन-कौन सी जगहें घूमेंगे?
1) कोहिमा और हॉर्नबिल फेस्टिवल
दीमापुर पहुंचने के बाद आपको कोहिमा ले जाया जाएगा, जहां आप तीन रातें रुकेंगे। अगले दिन खोनोमा गांव की सैर होगी, जहां आप अनोखी संस्कृति और हरियाली का आनंद लेंगे। इसके साथ ही आप वॉर सेमेट्री और स्टेट म्यूजियम भी घूमेंगे।
इस ट्रिप का सबसे बड़ा आकर्षण 'हॉर्नबिल फेस्टिवल' है। यह नागालैंड सरकार द्वारा आयोजित 10 दिनों का त्योहार है, जिसे "Festival of Festivals" कहा जाता है। यहां आपको नागा जनजातियों का पारंपरिक खाना, लोक नृत्य, गीत, कला और हैंडीक्राफ्ट देखने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
2) काजीरंगा नेशनल पार्क
कोहिमा के बाद सफर काजीरंगा की तरफ बढ़ेगा। काजीरंगा एक वर्ल्ड हेरिटेज साइट है, जो मुख्य रूप से एक सींग वाले गैंडे (Great Indian One Horned Rhinoceros) के लिए मशहूर है। यहां आप दो रातें बिताएंगे।
इस दौरान आप सुबह-सुबह जंगल में हाथी की सवारी और दोपहर में जीप सफारी का मजा लेंगे। इसके अलावा ऑर्किड एंड बायोडायवर्सिटी पार्क, चाय के बागान और रबर प्लांटेशन भी इस यात्रा का हिस्सा हैं।
3) गुवाहाटी
काजीरंगा से निकलकर आप गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां शाम को ब्रह्मपुत्र नदी पर एक शानदार डिनर क्रूज का अनुभव मिलेगा। अपनी आखिरी सुबह आप नीलमचल पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। अगर आप स्पेशल दर्शन करना चाहते हैं, तो उसका टिकट और खर्च आपको खुद देना होगा।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
- आने-जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट टिकट।
- घूमने के लिए शेयरिंग बेसिस पर नॉन-एसी टेंपो ट्रैवलर।
- होटलों में रुकने की व्यवस्था। कोहिमा में रूडी रिसॉर्ट, काजीरंगा में फॉक्सटेल ऑर्किड और गुवाहाटी में मेफ्लावर या इनसे मिलते-जुलते होटल मिलेंगे।
- खाने में 6 ब्रेकफास्ट और 5 डिनर, साथ ही एक डिनर क्रूज।
- पूरे टूर के लिए एक गाइड, 1 हाथी की सवारी और 1 जीप सफारी।
- ट्रैवल इंश्योरेंस और जीएसटी।
खुद से मैनेज करनी होंगी ये चीजें
- फ्लाइट का एयरफेयर या टैक्स बढ़ गया तो वह आपको देना होगा।
- मंदिरों और दर्शनीय स्थलों के एंट्री टिकट, कामाख्या मंदिर के अंदर के दर्शन।
- लॉन्ड्री, टिप, रूम सर्विस या तय मेन्यू से अलग कोई भी खाना-पीना।
- फ्लाइट के लिए आपको खुद 48 घंटे पहले वेब चेक-इन करना होगा और सीट चुनने का पेमेंट भी खुद करना होगा।
कितना है बुकिंग का खर्च?
पैकेज का खर्च इस बात पर निर्भर है कि आप रूम कितने लोगों के साथ शेयर कर रहे हैं:
- सिंगल व्यक्ति: 1,14,600 रुपये।
- दो लोग: 83,000 रुपये प्रति व्यक्ति।
- तीन लोग: 71,700 रुपये प्रति व्यक्ति।
- बच्चा (5-11 साल, बेड के साथ): 71,700 रुपये।
- बच्चा (5-11 साल, बिना बेड के): 43,300 रुपये।
- बच्चा (2-4 साल, बिना बेड के): 30,500 रुपये।
अगर आपको बुकिंग करनी है या और जानकारी चाहिए, तो आप आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
