प्रकृति के बीच चाहिए एडवेंचर? तो दिल्ली के आसपास इन जंगलों की करें सैर, सफारी में मिलेगा वाइल्डलाइफ का रोमांच
पीलीभीत, रणथंभौर, जिम कॉर्बेट और पन्ना जैसे स्थानों पर आप वन्यजीवों और प्रकृति का अद्भुत रोमांच अनुभव कर सकते हैं।

जंगल सफारी के लिए दिल्ली के आसपास बेस्ट जगहें (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किसी भी प्रकृति प्रेमी के लिए पहाड़ों, हरे-भरे जंगल और नदियों के आसपास रहना किसी जन्नत से कम नहीं है। कल्पना करके देखिए कि सुबह सुबह आपके हाथ में एक चाय का कप है, आसपास हरियाली है और पंछियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है।
अगर आप इस मोमेंट को इसी विंटर सीजन एंजॉय करना चाहते हैं, तो जंगल सफारी आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व, उत्तर प्रदेश
पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहले वन्यजीव अभयारण्य हुआ करता था, लेकिन बाघों के संरक्षण के लिए इसे साल 2014 में तैयार रिजर्व का दर्जा दे दिया गया। यहां आप रॉयल बंगाल टाइगर, तेंदुए, बारासिंगा समेत कई दुर्लभ प्रजातियों को देख सकते हैं। इसके अलावा, इस टाइगर रिजर्व का सबसे प्रमुख आकर्षण चूका बीच है। अक्टूबर से फरवरी के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे बेस्ट है।
रणथंभौर नेशनल पार्क, राजस्थान
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क प्रकृति प्रेमियों की बकेट लिस्ट में सबसे होता है। हाल ही में, तीन महीने बाद इस नेशनल पार्क को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। यह जगह बाघों का प्राकृतिक आवास मानी जाती है, क्योंकि दिन में भी बाघ जंगल में घूमते नजर आ जाते हैं। अक्टूबर से मार्च तक का समय यहां घूमने के लिए परफेक्ट है।
जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड
जिम कॉर्बेट उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित भारत का पहला और सबसे पुराना नेशनल पार्क है, जिसकी स्थापना साल 1936 में हेली नेशनल पार्क के नाम से की गई थी। यहां रॉयल बंगाल टाइगर, हाथी, तेंदुए, भालू और हिरण जैसे अन्य वन्यजीवों के अलावा पक्षियों की भी 500 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती है।
यही वजह है कि पर्यटक बर्ड वॉचिंग के लिए खासतौर से यहां आते हैं। जिम कॉर्बेट जाने का सबसे सही नवंबर से फरवरी और मार्च से जून है।
पन्ना टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के पन्ना में स्थित यह टाइगर रिजर्व भारत का 22वां और एमपी का पांचवां बाघ अभयारण्य है। इसी महीने यह टाइगर रिजर्व भी 3 महीने के लंबे गैप के बाद पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। यहां पर्यटक जिप्सी सफारी से बाघ के साथ ही तेंदुआ, भालू, चिंकारा और बाकी वन्यजीवों को देख सकते हैं।
इतना ही नहीं, यह टाइगर रिजर्व पक्षियों की कई प्रजातियों और गिद्धों का आवास भी है। अक्टूबर से जून तक का समय घूमने के लिए बेस्ट है।
यह भी पढ़ें- वाइल्डलाइफ लवर्स का इंतजार खत्म, शुरू हुई सरिस्का में टाइगर सफारी; यहां पढ़ें ट्रिप का पूरा खर्च
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR से सिर्फ 5 घंटे दूर हैं ये खूबसूरत वीकेंड डेस्टिनेशंस, लॉन्ग वीकेंड के लिए हैं बिल्कुल परफेक्ट
