जेंट्स टॉयलेट में रखी ये छोटी-सी मैट आखिर किस काम आती है? ज्यादातर लोग नहीं जानते होंगे वजह
पब्लिक टॉयलेट में यूरिनल के अंदर रखी रंग-बिरंगी जालीदार मैट सिर्फ खुशबू के लिए नहीं होती, बल्कि इसके कई बड़े फायदे हैं।

टॉयलेट के यूरिनल में क्यों रखी होती है छोटी-सी मैट? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कभी ध्यान दिया है जब भी आप किसी मॉल, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट या ऑफिस के पब्लिक वॉशरूम में जाते हैं, तो आपने यूरिनल के अंदर एक रंग-बिरंगी, रबर या प्लास्टिक की जालीदार मैट रखी हुई जरूर देखी होगी।
क्या आपने कभी सोचा है कि इसे वहां क्यों रखा जाता है? अगर आप भी यही सोचते हैं कि यह सिर्फ खुशबू फैलाने वाली कोई चीज है, तो आप पूरी तरह सही नहीं हैं। असल में इसके कई और भी जरूरी काम हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते। आइए आज इस छोटी-सी मैट के बड़े फायदों के बारे में जानते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
कपड़ों पर छीटें आने से रोकना
इस मैट का सबसे मुख्य और जरूरी काम है यूरिन की छीटों को बाहर आने से रोकना। अगर आप इस मैट को ध्यान से देखेंगे, तो इसके ऊपर छोटे-छोटे कांटे या दानेदार डिजाइन बने होते हैं। जब यूरिन इस पर गिरता है, तो यह मैट उसे उछलकर बाहर आने से रोकती है। इससे आपकी पैंट और जूते गंदे होने से बच जाते हैं और वॉशरूम का फर्श भी सूखा और साफ रहता है।
नाली को जाम होने से बचाना
पब्लिक टॉयलेट का इस्तेमाल बहुत से लोग करते हैं। कई लोग अनजाने में या लापरवाही से च्यूइंग गम, सिगरेट के टुकड़े, गुटखे का पाउच या टिश्यू पेपर यूरिनल में ही फेंक देते हैं। यह मैट एक छलनी की तरह काम करती है और इस कचरे को पाइप के अंदर जाने से रोक देती है। अगर यह मैट न हो, तो यूरिनल का पाइप जाम हो सकता है, जिससे गंदा पानी बाहर बहने लगेगा।
वॉशरूम से बदबू दूर करना
पब्लिक यूरिनल्स का इस्तेमाल दिन भर में सैकड़ों लोग करते हैं, जिससे वहां बहुत तेज और तीखी बदबू आ सकती है। इन मैट्स में खास तरह के केमिकल्स और परफ्यूम होते हैं। ये कुछ दिनों तक हवा में खुशबू फैलाते रहते हैं और यूरिन की तेज गंध को पूरी तरह दबा देते हैं, जिससे आप बिना नाक बंद किए वॉशरूम का इस्तेमाल कर पाते हैं।
फिनाइल की गोलियों को बहने से रोकना
पब्लिक वॉशरूम में बदबू दूर करने के लिए यूरिनल के अंदर सफेद रंग की फिनाइल की गोलियां डाली जाती हैं। अगर यूरिनल में यह जालीदार मैट न हो, तो पानी के तेज बहाव के साथ ये छोटी गोलियां सीधे नाली के छेद में बह जाएंगी। इससे न सिर्फ ये गोलियां बर्बाद होंगी, बल्कि नाली के अंदर जाकर उसे जाम भी कर सकती हैं। ऐसे में, यह मैट एक रुकावट का काम करती है और इन गोलियों को छेद में जाने से रोकती है, ताकि वे ऊपर ही रहें और धीरे-धीरे घुलकर अपना काम कर सकें।
