दिवाली से पहले बाथरूम-किचन की टाइल्स चमकानी हैं? आजमाएं ये देसी हैक्स, मिनटों में हो जाएंगी साफ
दिवाली से पहले बाथरूम और रसोई की टाइलों को चमकाने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय बताए गए हैं।

बाथरूम और किचन की टाइल्स चमकाने के हैक्स (Image Source: AI Generated)
HighLights
ब्लीच का उपयोग कर बाथरूम और रसोई की टाइल्स चमकाएं
बेकिंग सोडा और सिरका जिद्दी दागों को आसानी से हटाते हैं
नींबू का रस और नमक टाइल्स के निशान साफ करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई घरों में पितृपक्ष के बाद ही दिवाली की सफाई शुरू हो जाती है। पूरे घर की सफाई तो आसानी से हो जाती है, लेकिन बाथरूम और रसोई की टाइलों को साफ करने में बड़ी मेहनत लगती है। फिर घर के यही दो हिस्से ऐसे हैं, जहां की साफ-सफाई का सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है।
ऐसे में अगर आप टाइलों पर लगे जिद्दी दागों और गंदगी को साफ करने के लिए हैक्स तलाश रहे हैं, तो आज की जानकारी आपके काम आ सकती है। आइए जानते हैं वो टिप्स जिनकी मदद से टाइल्स कम समय में एकदम साफ की जा सकती हैं।
ब्लीच
बाथरूम और रसोई की टाइल्स को ब्लीच की मदद से मिनटों में चमकाया जा सकता है। इसके लिए एक बड़ी कटोरी में 8-10 चम्मच ब्लीच के साथ 5-6 चम्मच पानी मिला दें। इसे अच्छे से मिलाकर मिश्रण तैयार कर लेना है। इस मिश्रण को दाग वाली टाइल्स पर डालकर फैला दें, 3-4 मिनट ऐसे ही छोड़ देने के बाद डिटर्जेंट के पानी डालकर कपड़े से साफ कर लें।
बेकिंग सोडा
आपके किचन में ही मौजूद बेकिंग सोडा टाइलों को मिनटों में साफ कर सकता है। इसके लिए एक कप पानी में 3-4 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण को एक स्प्रे में बोतल में भरकर टाइल्स पर छिड़कना है। इसके बाद 10-15 मिनट तक मिश्रण को लगा रहने के बाद स्क्रब में डिटर्जेंट सोप लगाकर रगड़ना है। आप पाएंगे कि जिद्दी दाग भी आसानी से छूटने लगे हैं।
सिरका
बेकिंग सोडा के अलावा किचन में रखा सिरका भी टाइल्स साफ कर सकता है। यह तरीका अपनाने के लिए एक बाल्टी पानी में कम से कम एक से डेढ़ कप सिरका मिलाएं। इसे अच्छे से मिक्स करने के बाद अलग रखें और सबसे पहले टाइल्स को पानी से साफ कर लें। फिर स्क्रब को सिरके के पानी में भिगोकर टाइल्स पर रगड़ें। इसके थोड़ी देर बाद डिटर्जेंट सोप वाले पानी से टाइल्स को साफ कर लेना है।
नींबू का रस और नमक
नींबू का रस और नमक साफ-सफाई में क्लीनिंग एजेंट की तरह काम करता है। अगर टाइल्स पर दाग ज्यादा हैं तो एक कटोरी में 3-4 नींबू का रस और साथ में 1-2 चम्मच नमक डालें। इसमें 2-3 चम्मच पानी मिलाकर मिश्रण बना लें और इसमें स्क्रब डुबोकर टाइलों पर रगड़ें। इससे जिद्दी दाग और निशान आसानी से निकल जाएंगे।
