रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा हैं ये अंग्रेजी के शब्द, Greek Mythology से जुड़ा है इनका कनेक्शन
कई अंग्रेजी शब्द और मुहावरे ग्रीक माइथोलॉजी से जुड़े हैं, जिनका इस्तेमाल हम अक्सर अनजाने में करते हैं।

ग्रीक माइथोलॉजी से बने हैं ये शब्द (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ रिलीज हुई, जो लोगों को खूब पसंद आ रही है। ये फिल्म ग्रीक माइथोलॉजी पर आधारित है, जिसमें ट्रोजन के युद्ध के बाद ओडिसियस के घर लौटने की कहानी दिखाई गई है। ऐसी फिल्में देखकर हम अक्सर सोचते हैं कि ये सिर्फ कहानियां हैं और इनका हमारी जिंदगी से कोई लेना-देना नहीं है।
लेकिन सच ये है कि आप अनजाने में ही ग्रीक माइथोलॉजी से जुड़े कई शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। ग्रीक माइथोलॉजी हमारी रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा हैं और कई बार हमें उनके पीछे की छिपी कहानी भी नहीं पता होती। आइए आज उन्हीं शब्दों के बारे में जानते हैं, जो असल में ग्रीक माइथोलॉजी से जुड़े हैं और साथ ही, जानेंगे उनके पीछे की कहानी।
नार्सिसिस्ट
नार्सिसिस्ट शब्द का इस्तेमाल आपने कई बार किया होगा या दूसरे से सुना होगा। इसका मतलब होता है, वो व्यक्ति, जो केवल खुद से और अपनी सुंदरता से प्यार करता है। आसान शब्दों में कहें, तो ऐसा व्यक्ति जो खुद से ऑब्सेस्ड है।
ये शब्द ग्रीक माइथोलॉजी के एक व्यक्ति नार्सिसस से आया है, जो बेहद खूबसूरत था। नार्सिसस ने एक बार अपनी परछाई पानी में देख ली थी और उसे खुद से इतना प्यार हो गया कि वह सबकुछ छोड़कर सिर्फ अपनी परछाई ही देखता रहा।
पंडोरा बॉक्स
आपने सुना होगा कि पंडोरा बॉक्स मत खोलो। इसका मतलब है कि ऐसे काम की शुरुआत करना, जिसकी वजह से ढेरों परेशानियां शुरू हो जाती हैं।
इसके पीछे भी ग्रीक माइथोलॉजी की कहानी है। पंडोरा नाम की एक महिला थी, जिसे एक बंद जार तोहफे में मिला था, लेकिन उसे कभी न खोलने की हिदायत दी गई थी। लेकिन अपनी उत्सुकता के कारण उसने उस जार को खोल दिया, जिससे दुनिया की तमाम मुश्किलें और बुराइयां बाहर निकल गई। उस जार में आखिर में सिर्फ एक चीज बची थी और वो थी आशा यानी उम्मीद।
एकिलीज हील
ये शब्द ग्रीक माइथोलॉजी के एकिलीज की कहानी से बनी है। इसका मतलब होता है किसी व्यक्ति या सिस्टम की सबसे बड़ी या इकलौती कमजोरी। दरअसल, एकिलीज जब छोटा था, तब उसकी मां ने उसे अमर बनाने के लिए स्टिक्स नाम की पवित्र नदी में डुबोया था। उसे नदी में डुबाने के लिए उसकी मां ने उसे एड़ी से पकड़ा हुआ था।
इसलिए एड़ी उस नदी में नहीं भीग पाई थी। इससे एकिलीज का पूरा शरीर मजबूत हो गया, सिर्फ एड़ियां रह गई थीं। ट्रोजन के युद्ध में एजिलीज को हराना नामुमकिन हो गया था, तब एक जहरीला तीर उसकी एड़ी पर मारा गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
एन ओडिसी
एन ओडिसी शब्द का इस्तेमाल किसी ऐसी यात्रा के लिए किया जाता है, जिसमें व्यक्ति में कोई बहुत बड़ा बदलाव आया हो और बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा हो।
इस शब्द के पीछे ओडिसियस की कहानी है। ट्रोजन का युद्ध जीतने के बाद ओडिसियस को अपने घर लौटने में पूरे 10 साल लग गए। अपने घर के सफर में उसे समुद्री राक्षसों, तूफानों और समुद्र के देवता के प्रकोप का सामना करना पड़ा था।
मिडास टच
आपने सुना होगा, जो व्यक्ति बहुत लकी होता है, उसके लिए कहा जाता है कि इसके पास मिडास टच है। इसका मतलब भी यही होता है कोई ऐसा व्यक्ति जो किसी भी काम को हाथ लगाए, वह सफल हो जाता है।
इसके पीछे की कहानी राजा मिडास से जुड़ी है। उसे एक वरदान मिला था कि वह जिस भी चीज को छुएगा वह सोने की बन जाएगी। शुरुआत में वह बहुत खुश हुआ। शुरुआत में उसे ये वरदान काफी अच्छा लगा, लेकिन जब उसने अपनी बेटी को छुआ, तो वह भी सोने की मूर्ति में बदल गई, जिससे उसे समझ आया कि असल में ये वरदान एक श्राप है।
बिटवीन सिला एंड कैरिबडिस
ग्रीक माइथोलॉजी में सिला एक खूंखार समुद्री राक्षस थी और कैरिबडिस एक विशाल समुद्री भंवर। ओडिसियस को घर पहुंचने के लिए समुद्र के बीच एक बहुत संकरे रास्ते से गुजरना था, जिसके एक तरफ सिला थी और दूसरी तरफ कैरिबडिस। इसमें से किसी एक से बचना यानी दूसरे के हाथों मृत्यु थी।
इसलिए इसका इस्तेमाल ऐसी परिस्थिति के लिए किया जाता है, जिसमें बहुत खतरनाक या बुरे विकल्पों में से एक चुनना पड़े।
सिसिफियन टास्क
सिसिफियस टास्क किसी ऐसे काम के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें बहुत मेहनत लगे, लेकिन रिजल्ट हमेशा जीरो ही रहता है।
इसके पीछे ग्रीक माइथोलॉजी से जुड़ी कहानी है, जिसमें सिसिफस ने देवताओं को धोखा दिया था, जिसके कारण उसे सजा दी गई थी कि उसे पाताल लोक में एक भारी पत्थर को पहाड़ की चोटी पर धकेलकर ले जाना था, लेकिन जैसे ही वह पत्थर चोटी पर पहुंचेगा, वह फिर से लुढ़क कर नीचे आ जाएगा। सिसिफस की ये सजा हमेशा इसी तरह चलती रही और वह इस जाल में फंसा रहा।
