महंगे कपड़ों पर लग गया तेल का जिद्दी दाग? ड्राई क्लीनिंग से पहले आजमाएं ये आसान तरीके
महंगे कपड़ों पर लगे तेल के जिद्दी दाग हटाने के लिए घरेलू उपाय बताए गए हैं, ताकि ड्राई क्लीनिंग से बचा जा सके।

कपड़ों से तेल के जिद्दी दाग हटाने के उपाय (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। खाना बनाते या खाते समय कपड़ों पर तेल के दाग लगना बिल्कुल आम है, पर कई बार ये दाग कपड़े पर इतने पक्के तरीके से लग जाते हैं कि सामान्य तरीके से धोने से भी नहीं जाते। उसपर दाग महंगे और नए कपड़ों पर लगें हो तो उन्हें घरपर रगड़कर साफ करना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में लोगों को इसे साफ करने का एक ही विकल्प नजर आता है ड्राई क्लीनिंग, पर कई हैक्स की मदद से इसे आसानी से साफ किया जा सकता है।
कॉर्नस्टार्च या बेकिंग सोडा
कपड़े पर तेल गिरने के बाद उसे तुरंत डिटर्जेंट से धोने के बजाय उसपर 1-2 चम्मच कॉर्नस्टार्च या बेकिंग सोडा डालें। इसे कपड़े पर डालकर कम से कम 10-15 मिनट के लिए छोड़ देना है। आप पाउडर को झाड़कर भी हटा सकते हैं और अगर दाग पक्का है तो उसे ब्रश से हल्का रगड़ते हुए हटाएं।
यह पाउडर कपड़े से तेल सोखने में मदद करेगा, जिससे धोते समय तेल का दाग निकलने में परेशानी नहीं होगी। पक्का दाग होने पर पाउडर को 30 मिनट तक लगा रहने दें और उसके बाद ही कपड़े को डिटर्जेंट से धोएं। दाग छूटने की एक निशानी यह है कि यह कपड़े पर चिपकने लगेगा या फिर उसका रंग हल्का सा बदल जाएगा।
टिशू या पेपर टॉवल
कपड़े को किसी लकड़ी के कार्डबोर्ड पर रखें ताकि कपड़े के दूसरी तरफ तेल न पहुंचे। इसके बाद उसपर टिशू या पेपर टॉवल रखें और हल्के हाथ से दबाएं। इसकी मदद से कपड़े पर लगा सारा तेल टिशू पर आ जाएगा। इस बात का ध्यान रखना है कि इस दौरान कपड़े को भूलकर भी नहीं रगड़ना है। अब हाथ में थोड़ा डिटर्जेंट लें और उसे कपड़े पर लगाकर उंगलियों की मदद से थोड़ा रगड़ लें।
इसके लिए अगर डिश डिटर्जेंट इस्तेमाल किया जाए तो और भी अच्छा क्योंकि इसमें मौजूद सर्फैक्टेंट तेल की लेयर ब्रेक करने में मदद करता है।
फैब्रिक का ध्यान रखें
इस बात का भी खास ख्याल रखें कि हर तरह के फैब्रिक पर एक ही तरह का नुस्खा काम नहीं करेगा। कॉटन, डेनिम और पॉलिएस्टर पर कॉर्नस्टार्च या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है। जबकि सिल्क, जॉर्जेट और कैश्मीयर जैसे नाजुक कपड़ों पर ये घरेलू नुस्खे इस्तेमाल करना फैब्रिक को नुकसान पहुंचा सकता है। इनके लिए ड्राई क्लीन ही सबसे बेहतर विकल्प है।
