थर्मस के अंदर जम गए हैं चाय के जिद्दी दाग? बिना रगड़े शीशे-सा चमका देंगी किचन की ये चीजें, बदबू भी होगी छूमंतर
चाय के जिद्दी दागों से गंदे और बदबूदार हुए फ्लास्क को साफ करना इतना भी मुश्किल नहीं है। जी हां, बस जरूरत है सही तरीकों की।

चाय के जिद्दी दागों से गंदी हो गई है बोतल या फ्लास्क? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चाय पीना किसे पसंद नहीं? हालांकि, जब इसी चाय के जिद्दी दाग आपके पसंदीदा फ्लास्क या पानी की बोतल के अंदर जम जाते हैं, तो उसे गंदा और बदबूदार बना देते हैं। कई बार तो ब्रश से रगड़ने के बाद भी ये दाग टस से मस नहीं होते।
मगर अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपके घर में ही कई ऐसी साधारण चीजें मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप बिना किसी खास मेहनत या ब्रश के इन दागों को आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं ये असरदार उपाय।
बेकिंग सोडा और गर्म पानी का कमाल
फ्लास्क में 1 से 2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और फिर इसे गर्म पानी से भर दें। इसे 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद फ्लास्क को हल्का सा हिलाएं और पानी को बाहर फेंक दें। आप देखेंगे कि दाग आसानी से हट गए हैं।
सफेद सिरका आएगा काम
अपनी बोतल या फ्लास्क में सफेद सिरका डालें और उसमें गर्म पानी मिला लें। इसे 20 से 30 मिनट तक के लिए छोड़ दें। सिरका जिद्दी से जिद्दी दागों को ढीला कर देता है, जिससे सफाई का काम बेहद आसान हो जाता है।
नमक और बर्फ की बेहतरीन ट्रिक
फ्लास्क के अंदर थोड़ा सा नमक और बर्फ के कुछ टुकड़े डालें। अब इसे ढक्कन लगाकर हल्का-हल्का हिलाएं। बर्फ यहां एक स्क्रबर का काम करती है और नमक दाग हटाने में मदद करता है।
नींबू के रस से साफ होंगे दाग और मिलेगी ताजगी
फ्लास्क में नींबू का रस डालकर उसमें गर्म पानी मिलाएं और थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। नींबू की प्राकृतिक एसिडिटी दागों को आसानी से तोड़ने में मदद करती है और फ्लास्क से बदबू हटाकर ताजगी भी लाती है।
डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी
अगर फ्लास्क में हल्के या मध्यम दाग हैं, तो उसमें थोड़ा-सा डिशवॉश लिक्विड डालें और गर्म पानी भर दें। अब फ्लास्क को अच्छी तरह से बंद करके जोर से हिलाएं। यह तरीका तुरंत असर दिखाता है।
बेकिंग सोडा और सिरके का झाग
गहरे दागों के लिए पहले फ्लास्क में बेकिंग सोडा डालें और फिर ऊपर से सिरका मिला दें। इन दोनों के मिलने से अंदर झाग बनेगा, जो जमे हुए दागों को ढीला कर देगा। 10 से 15 मिनट बाद इसे गर्म पानी से धो लें।
कच्चे चावल से करें सफाई
फ्लास्क में थोड़ा सा कच्चा चावल, थोड़ा पानी और हल्का सा डिशवॉश लिक्विड डालें। अब इसे अच्छी तरह हिलाएं। चावल एक हल्के स्क्रबर की तरह काम करता है और अंदर की सारी गंदगी को रगड़कर निकाल देता है।
डेंचर टैबलेट का आसान उपाय
फ्लास्क में बस एक डेंचर क्लीनिंग टैबलेट डालें और ऊपर से पानी भर दें। कुछ देर बाद यह टैबलेट दागों को अपने साथ घोल लेती है, जिससे आपकी मेहनत बच जाती है।
इन आसान तरीकों को अपनाकर आप बिना किसी ब्रश या ज्यादा रगड़-घिसाई के अपने फ्लास्क या बोतल को फिर से बिल्कुल फ्रेश, साफ और चमकदार बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सिलेंडर बार-बार भरवाने से खाली हो रही जेब? तुरंत छोड़ दें खाना बनाते समय ये गलतियां, कम होगी LPG की खपत
यह भी पढ़ें- रोज चाय-कॉफी के काम आने वाली इलेक्ट्रिक केतली हो गई है गंदी? रसोई में मौजूद इन चीजों से करें साफ
