विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्रिज से बार-बार आती है अजीब-सी स्मेल? जरूरी नहीं खाना खराब हो, ये 4 चीजें भी हो सकती हैं वजह

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:05 PM (IST)

फ्रिज से आने वाली अजीब बदबू का कारण हमेशा खराब खाना नहीं होता, बल्कि इसके पीछे कई अनदेखे कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

फ्रिज की सड़ांध से पाना है छुटकारा? (Image Source: AI-Generated)

फ्रिज की सड़ांध से पाना है छुटकारा? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि फ्रिज का दरवाजा खोलते ही एक अजीब-सी बदबू नाक से टकराती है? हम अक्सर सोचते हैं कि शायद कोई सब्जी सड़ गई है या कटोरी में रखा कल का खाना खराब हो गया है। हालांकि, कई बार पूरा फ्रिज छान मारने के बाद भी कुछ खराब नहीं मिलता।

असल में, हमेशा खराब खाना ही इस बदबू का विलेन नहीं होता। जी हां, अगर आपका फ्रिज भी अजीब महक रहा है, तो इसके पीछे ये 4 अनदेखे कारण हो सकते हैं।

फ्रिज का 'ड्रिप पैन' गंदा होना

फ्रिज के सबसे नीचे या पीछे की तरफ एक छोटी-सी ट्रे होती है, जिसमें फ्रिज की अंदरूनी नमी और पानी इकट्ठा होता है। हम अक्सर इसे साफ करना भूल जाते हैं। लंबे समय तक पानी जमा रहने से इसमें फंगस और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जो पूरे फ्रिज को बदबूदार बना देते हैं।

दरवाजे की रबर सील में छिपी गंदगी

फ्रिज के दरवाजे पर लगी रबर की सील ठंडी हवा को बाहर जाने से रोकती है। हालांकि, क्या आपने कभी इसके अंदर झांक कर देखा है? इस रबर की दरारों में खाने के छोटे टुकड़े, धूल और नमी जमा हो जाती है। यही नमी धीरे-धीरे फंगस में बदल जाती है और एक बहुत ही अजीब-सी सीलन भरी स्मेल पैदा करती है।

अनदेखे कोनों में जमा नमी

कई बार दूध, जूस या सब्जियों का पानी फ्रिज की शेल्फ से गिरकर सबसे नीचे वाले बॉक्स के नीचे या कोनों में चला जाता है। हमें ऊपर से सब साफ लगता है, लेकिन ये जमा हुआ लिक्विड धीरे-धीरे सड़ने लगता है और पूरे फ्रिज का माहौल खराब कर देता है।

पुरानी बर्फ और गंदा आइस बॉक्स

अगर आपके फ्रिज में लंबे समय से बर्फ रखी हुई है, तो वह भी बदबू का कारण बन सकती है। बर्फ फ्रिज के अंदर की सभी तरह की गंध को सोख लेती है। इसके अलावा, अगर आपके फ्रिज में ऑटोमैटिक वाटर फिल्टर लगा है और वो काफी समय से बदला नहीं गया है, तो उससे भी पानी और पूरे फ्रिज में अजीब महक आ सकती है।

इस बात का रखें ख्याल

अपने फ्रिज को इन जगहों से अच्छी तरह साफ करें और बदबू को हमेशा के लिए दूर रखने के लिए, फ्रिज के एक कोने में आधा कटा हुआ नींबू या एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा खुला रख दें। यह सारी बुरी गंध को सोख लेगा और आपका फ्रिज हमेशा तरोताजा महकेगा।

यह भी पढ़ें- कुकर की सीटी बजते ही गैस पर छिटक आती है दाल? हर गृहिणी के काम आएंगे ये 3 देसी जुगाड़

यह भी पढ़ें- नमकदानी में बार-बार गीला हो जाता है नमक? ये 3 किचन हैक्स रखेंगे इसे सूखा और भुरभुरा