नमकदानी में बार-बार गीला हो जाता है नमक? ये 3 किचन हैक्स रखेंगे इसे सूखा और भुरभुरा
नमकदानी में नमक के सील जाने की समस्या से निपटने के लिए आप इस आर्टिकल में बताए 3 आसान घरेलू उपाय अपना सकते हैं।

नमकदानी में बार-बार सीलन से पाएं हमेशा के लिए छुटकारा (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बारिश का मौसम हो या किचन में ज्यादा उमस, नमकदानी में नमक का सील जाना एक बहुत ही आम समस्या है। जब भी सलाद या सूप में ऊपर से नमक डालने की जरूरत होती है, तो लाख झटकने के बाद भी नमकदानी से कुछ नहीं निकलता। गीला होकर जम चुका यह नमक न सिर्फ इस्तेमाल करने में मुश्किल होता है, बल्कि हमारा समय और मूड दोनों खराब कर देता है।
हालांकि, अब आपको इस छोटी-सी परेशानी के लिए झल्लाने की जरूरत नहीं है। आपकी अपनी रसोई में ही कुछ ऐसी आसान चीजें मौजूद हैं, जो नमक को एकदम सूखा और फ्रेश रख सकती हैं। आइए जानते हैं वो 3 कमाल के हैक्स।
कच्चे चावल का पुराना नुस्खा
यह दादी-नानी के जमाने का सबसे असरदार तरीका है। अपनी नमकदानी में नमक भरने से पहले उसमें 10 से 15 कच्चे चावल के दाने डाल दें। चावल के दानों में नमी सोखने की गजब की ताकत होती है। यह नमक के अंदर की सारी एक्स्ट्रा नमी को तुरंत खींच लेते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि चावल के दाने नमकदानी के छेदों से बड़े होते हैं, इसलिए खाना परोसते समय ये बाहर नहीं गिरते।
लौंग या राजमा का इस्तेमाल
अगर आप चावल का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो नमकदानी के अंदर 4-5 लौंग डाल दें। लौंग हवा में मौजूद नमी को बहुत तेजी से सोखती है और नमक को सीलने से बचाती है। इसके अलावा, आप 2-3 कच्चे राजमा के दाने भी डाल सकते हैं। राजमा भी एक बेहतरीन मॉइस्चर एब्जॉर्बर है। यह आकार में बड़ा होता है, इसलिए नमक में आसानी से दिख भी जाता है।
टिश्यू पेपर का बेस बनाएं
नमकदानी को अच्छी तरह से सुखाने के बाद, नमक भरने से पहले उसके बेस में एक छोटा-सा टिश्यू पेपर या ब्लॉटिंग पेपर काट कर बिछा दें। इसके बाद ऊपर से नमक भरें। यह पेपर बाहर या नीचे से आने वाली किसी भी तरह की नमी को नमक तक पहुंचने से पहले ही सोख लेता है। कोशिश करें कि हमेशा कांच या चीनी मिट्टी की नमकदानी का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि प्लास्टिक में नमी जल्दी बनती है।
