सोफे पर चाय गिरते ही न रगड़ें कपड़ा! दाग पड़ने से बचाने के लिए आजमाएं ये आसान और असरदार हैक्स
सोफे पर चाय या कॉफी के दाग लगने से बचाने और उन्हें हटाने के लिए कई आसान और असरदार तरीके ट्राई किए जा सकते हैं।

सोफे पर चाय या कॉफी के दाग हटाने के लिए हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोफा लिविंग रूम की खूबसूरती को बढ़ाता है, पर कई बार हड़बड़ी में सोफे पर जब चाय गिर जाती है तो समझ ही नहीं आता क्या करें। हम केवल रिएक्ट ही करते रह जाते हैं या फिर उसे कपड़े से रगड़ना शुरू कर देते हैं, पर तब तक ये दाग सोफे का लुक खराब कर देते हैं।
फिर इस सोफे को साफ करने के तरीके खोजे जाते हैं, महंगे-महंगे क्लीनर यूज में लाए जाते हैं। जबकि ऐसे कई तरीके हैं जिनसे सोफे पर दाग लगने से बचा जा सकता है।
नमक
सोफे पर चाय या कॉफी के तुरंत गिरने पर नमक का नुस्खा ट्राई करें। नमक में सोखने की क्षमता बहुत अच्छी होती है, ऐसे में चाय या कॉफी वाली जगह पर तुरंत नमक डालने से वहां दाग पड़ने से बचा जा सकता है। फिर थोड़ी देर बाद उस जगह पर कपड़े पर डिटर्जेंट के घोल वाले गीले कपड़े को रगड़कर साफ कर लें और सूखने के लिए छोड़ दें।
टिश्यू पेपर
चाय और कॉफी को तुरंत सोखने के लिए 3-4 टिश्यू पेपर लेकर उस जगह पर रख दें। फिर हल्के हाथ से दबाएं ताकि सारा तरल पदार्थ टिश्यू पेपर में समय जाए। यह तरीका दाग को गहराई तक समाने से बचाएगा।
माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट
सोफे पर दाग पड़ने से बचाने के लिए सबसे पहले पानी को हल्का गुनगुना कर लें। उसमें माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट मिक्स करें। अब एक सूती कपड़ा लेकर उसे मिश्रण में गीला करके दाग वाली जगह पर धीरे-धीरे लगाना है। इस बात का खास ध्यान रखें कि कपड़ा ज्यादा गीला न हो और वह दाग वाली जगह के अलावा कहीं और न लगे।
हाइड्रोजन पेरॉक्साइड
अगर आपके सोफे पर पहले से कोई पुराना दाग लगा हुआ है, तो उसे हटाने के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड इस्तेमाल किया जा सकता है। यह नुस्खा आजमाने के लिए आपको 3% वाले हाइड्रोजन पेरोक्साइड सॉल्यूशन की 2 बूंदे सोफे की दाग वाली जगह पर डालनी है। फिर 10-15 मिनट लगाए रखने के बाद ठंडे पानी में गीले कपड़े को उस जगह पर थपथपाना है।
इसे ट्राई करने से पहले ध्यान दें कि यह सॉल्यूशन कपड़े के रंग को हल्का कर देता है, ऐसे में पहले पैच टेस्ट करना जरूरी है। यह भी बताते चलें कि यह तरीका सफेद या हल्के रंग के सिंथेटिक सोफे पर ही काम करेगा।
