खाने में स्वाद बढ़ाने वाली लौंग घर की इन चीजों में भी आएगी काम, आजमाकर देखिए ये आसान तरीके
लौंग सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती, इसमें कई औषधीय गुण भी होते हैं, जो इसे रोजमर्रा के कामों में उपयोगी बनाते हैं।

लौंग का कुकिंग के अलावा इन चीजों में कर सकते हैं इस्तेमाल (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। खाना बनाते समय लौंग को कभी खड़े मसाले के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, तो कभी चाय में स्वाद बढ़ाने और काढ़े को फायदेमंद बनाने के लिए डाला जाता है। लेकिन लौंग में कई ऐसे औषधीय गुण हैं, जो इसे कुकिंग के अलावा भी घर के रोजमर्रा के कामों का जरूरी हिस्सा बना देते हैं।
लौंग का कुकिंग के अलावा इन चीजों में कर सकते हैं इस्तेमाल
लौंग एंटीसेप्टिक गुणों से भी भरपूर होती है, ऐसे में इसे घर के कामों में उपयोग में लाया जा सकता है:
रूम फ्रेशनर की तरह उपयोग
लिविंग रूम या बेडरूम में एक छोटी कटोरी में संतरे के छिलके, गुलाब की पंखुड़ियां, 7-8 लौंग और दालचीनी डालकर रख दें। यह तरीका एक नेचुरल रूम फ्रेशनर की तरह काम करेगा।
स्किनकेयर में करें यूज
लौंग की मदद से त्वचा पर आने वाले मुहांसों को बढ़ने से रोका जा सकता है, इसके अलावा यह एंटी-एजिंग की तरह भी काम करती है। मुहांसों के लिए 2-3 लौंग को पीसकर रात में सोने से पहले पिंपल पर लगाएं। अगले दिन सादे पानी से धो लें।
जबकि एंटी-एजिंग क्रीम के तौर पर इसका इस्तेमाल करने के लिए 1 लौंग पीसकर शहद में मिलाएं और 15 मिनट अप्लाई करने के बाद चेहरा धो लें। बस ध्यान रहे कि लौंग को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करना है।
घर की क्लीनिंग में करें इस्तेमाल
सबसे पहले 10-20 लौंग को 5-6 कप पानी में डालकर उबाल लेना है। उसके बाद पानी को गैस से उतारकर ठंडा होने के लिए रख दें। जब यह ठंडा हो जाए तो इसे घर की सफाई में इस्तेमाल करें। इसकी हल्की तीखी खुशबू से घर भी महकने लगेगा।
दांत दर्द में पाएं राहत
लौंग में मौजूद यूजेनॉल दांत के दर्द में भी राहत दिला सकता है। डेन्टिस्ट की सलाह के बाद लौंग का तेल या लौंग को दर्द वाली जगह पर रखकर दर्द में आराम पा सकते हैं।
कीड़े-मकौड़े भगाएं
लौंग की तेज महक से घर खासकर किचन में कीड़े-मकौड़ों को भगाया जा सकता है। इसमें एक यूजेनॉल नामक कंपाउंड होता है, जिसे नेचुरल कीटनाशक कहा जाता है। इसके लिए 1 कप पानी में 15-20 लौंग डालकर अच्छे से उबाल लें। फिर इस पानी को ठंडा होने के बाद किसी शीशी में भरकर घर के कोनों में स्प्रे करें।
