काली पड़ गई है चांदी की पायल और बिछिया? इन आसान घरेलू नुस्खों से फिर से लाएं नई जैसी चमक
चांदी की पायल और बिछिया का कालापन दूर करने के लिए कई आसान घरेलू नुस्खे अपनाए जा सकते हैं।

चांदी की पायल और बिछिया चमकाने के हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चांदी की पायल और बिछिया महिलाओं के पैरों की खूबसूरती में चार चांद लगा देती है, लेकिन इसे लंबे समय तक पहने रहने से ये काली पड़ती जाती हैं। जिससे पहले पैरों की खूबसूरती बढ़ रही थी, उसकी फीकी चमक अब देखने का भी मन नहीं करता।
ऐसे में अगर आप इसका कालापन हटाने के लिए सुनार की दुकान पर जाती हैं तो जरा ठहरिए! कई घरेलू नुस्खे हैं जिनकी मदद से इन्हें फिर से पहले जैसा नया किया जा सकता है।
चांदी की पायल और बिछिया का कालापन दूर करने के नुस्खे
आइए जानते हैं किन घरेलू नुस्खों से चांदी की पायल और बिछिया की फीकी पड़ी चमक वापिस पाई जा सकती है:
टूथपेस्ट
सफेद टूथपेस्ट की मदद से पायल-बिछिया को अच्छे से साफ किया जा सकता है। इस नुस्खे को आजमाने के लिए किसी सूती कपड़े या ब्रश पर सफेद टूथपेस्ट लगा लें। इसे चांदी की जूलरी पर 5-6 मिनट तक रगड़ना है। इसे 2 मिनट तक लगाकर रखने के बाद साबुन के पानी से धो लें।
बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल
बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल से चांदी की पायल-बिछिया का कालापन दूर किया जा सकता है। इसके लिए एक बर्तन में पानी लेकर उसमें 1 मीडियम साइज का एल्युमिनियम फॉयल का टुकड़ा डालें। इसमें 2 छोटे चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। आपका घोल तैयार है, इसमें कम से कम 20 मिनट तक पायल और बिछिया को डालकर रखें। फिर थोड़ी देर बाद ब्रश से साफ कर लें।
साबुन और नमक
इस नुस्खे को तब आजमाया जा सकता है, जब पायल ज्यादा काली न हुई हो। एक गिलास पानी को पहले गरम कर लें और फिर उसमें 2 चम्मच नमक के साथ 2-3 बूंद लिक्विड साबुन भी मिलाएं। अब इस पानी में पायल को कम से कम 15-20 मिनट के लिए भिगोकर रख देना है। आप पाएंगे कि पायल का हल्का-फुल्का कालापन कम हो गया है।
हैंड सेनेटाइजर
आपको शायद पता न हो पर हैंड सेनेटाइजर भी चांदी की जूलरी में चमक ला सकता है। यह तरीका बहुत ही आसान है, इसके लिए लिक्विड सेनेटाइजर में पायल या बिछिया को 5-10 मिनट भिगोकर रख देना है।
टोमेटो कैचअप
टोमेटो कैचअप सिर्फ खाने के काम नहीं आता, इससे चांदी की जूलरी को चमकाया जा सकता है। जूलरी पर कैचअप 10-15 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके सादे साबुन और पानी से धो लेना है।
