'केसरिया बालम' से कहीं आगे है राजस्थान का लोक संगीत, महलों से लेकर मरुस्थल तक गूंजती है इन गीतों की धुन
राजस्थान का लोक संगीत वहां की संस्कृति को बहुत ही खूबसूरती से दर्शाता है।
-1794394403639_m.webp)
बहुत खास है राजस्थान का लोक संगीत (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान के गाने सुनते ही मन में सबसे पहले केसरिया बालम या पद्मावत फिल्म का घूमर घूमर गाना आता है, लेकिन यहां का लोक संगीत इनसे काफी बढ़कर है। इन लोकगीतों में राजस्थान की संस्कृति की बहुत खूबसूरत झलक देखने को मिलती है।
इन लोक संगीतों में प्रेम, संघर्ष, वीरता और रोजमर्रा के जीवन की बहुत खूबसूरत झलक देखने को मिलती है। आइए जानें राजस्थान का लोक संगीत कैसा है।
मांड
मांड राजस्थान के लोक संगीत की पहचान है। मशहूर राजस्थानी गीत केसरिया बालम मांड शैली में ही गाया गया है। इतना ही नहीं, बॉलीवुड के भी कई गाने मांड शैली में गाए गए हैं। ये राजस्थान के शाही महलों से निकलकर आया है। इसमें प्रेम के अलावा, राजा-महाराजाओं की वीरता की गाथा भी सुनाई जाती है।
पणिहारी
मरुस्थल में पानी भरना के लिए दूर कुएं या तालाब पर जाना पड़ता था, जिसे आमतौर पर महिलाएं ही करती थीं। पानी भरने जाने वाली ये महिलाएं रास्ते में गीत गाया करती थीं, जिससे पणिहारी गीतों की शुरुआत हुई। ये गीत मरुस्थल के जीवन को बहुत सुंदर तरीके से बयां करते हैं।
कालबेलिया
कालबेलिया गीत कालबेलिया समुदाय से जुड़ा है, जो पहले सांपों को पकड़ने और उनका करतब दिखाने का काम करते थे। इससी से कालबेलिया नृत्य निकला और इस नृत्य के साथ गाए जाने वाले गीत कालबेलिया गीत कहलाते हैं।
बन्ना-बन्नी
राजस्थान में शादियों के दौरान बन्ना-बन्नी गीत गाए जाते हैं। ये गीत दूल्हा और दुल्हन के आने वाले वैवाहिक जीवन पर फोकस करते हैं। इनमें हंसी-मजाक भी शामिल होते हैं, जो माहौल को और खुशनुमा बना देता है।
राजस्थानी लोक संगीत की खासियत
राजस्थानी लोकगीत आमतौर पर कमायचा, सारंगी, रावण हत्था या खड़ताल जैसे वाद्य यंत्रों पर गाए जाते हैं। ये पारंपरिक वाद्य यंत्र राजस्थानी संगीत की पहचान हैं। साथ ही, इन गीतों में प्रेम, वियोग और वीरता जैसी भावनाओं को बहुत ही खूबसूरत तरीके से दिखाया जाता है।
ये गीत घूमर, कालबेलिया और भवाई जैसे लोक नृत्यों को और भी खास बना देते हैं। राजस्थान के लोक संगीत में लांगा और मांगनियार समुदाय का खास योगदान है। ये समुदाय पीढ़ियों से राजस्थान के लोक संगीत में अपना योगदान दे रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।