महंगे कपड़ों की ड्राई क्लीनिंग के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर, इन आसान हैक्स से घर पर ही करें साफ
अब महंगे कपड़ों की ड्राई क्लीनिंग के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, आप घर पर ही आसान हैक्स से उन्हें साफ कर सकते हैं।

ड्राई क्लीन की जगह घर पर अजमाएं ये तरीके (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रैंडेड कपड़ों की केयर करना इतना आसान नहीं होता क्योंकि जितने महंगे ये कपड़े होते हैं, उतनी ही महंगी इसकी देख-रेख भी होती है। इनपर छोटे-मोटे दाग लगने पर भी हम सबसे पहले ड्राई क्लीनिंग कराने की सोचते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि आप कुछ तरीकों को फॉलो करके घर पर ही कपड़ों की क्लीनिंग कर सकते हैं?
अगर नहीं तो आइए उन घरेलू तरीकों के बारे में जानें जो आपके ड्राई क्लीन का मोटा खर्चा बचा सकता है।
बेकिंग सोडा और सिरका
अगर आप घर पर ड्राई क्लीन करने की सोच रहे हैं, तो बेकिंग सोडा और सिरका इसमें आपकी बड़ी मदद कर सकता है। इसके लिए एक बाल्टी पानी गुनगुना कर लेना है। फिर इसमें 1 चम्मच बेकिंग सोडा और 2 चम्मच सिरका मिलाएं। कपड़े धोने का घोल तैयार है, इसमें कपड़ों को कम से कम 10-15 मिनट तक भिगोकर रखने के बाद बाहर निकाल लें। इसके बाद हल्के हाथ से रगड़ते हुए सामान्य धो लें।
माइल्ड डिटर्जेंट या शैंपू
घर पर कपड़ों को ड्राई क्लीन करने के लिए बेकिंग सोडा और सिरके ले अलावा माइल्ड डिटर्जेंट या शैंपू का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। एक बाल्टी गुनगुने पानी में 2 छोटे चम्मच माइल्ड डिटर्जेंट डालें या फिर 1 शैंपू का सैशे मिला दें। इस घोल को अच्छे से मिक्स करने के बाद इसमें कपड़ों को 10-15 मिनट तक भिगोकर रखना है। अब कपड़ों को बाहर निकालकर उसके दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से या ब्रश से रगड़ें।
गर्म पानी की भाप
नए कपड़ों पर कोई दाग नहीं है, केवल उसमें बदबू या सिलवटें ज्यादा आ गईं हैं तो भाप का तरीका काम आ सकता है। बाथरूम में एक टब में गर्म पानी भर दें, फिर उसके ऊपर कपड़ों को टांग देना है। बस ध्यान रहे कि कपड़े पानी से 1 से 2 फीट ऊपर होने चाहिए। यह तरीका कपड़ों को फिर से तरोताजा करने और उसकी सिलवटें दूर करने में मदद करेगा।
किन बातों का रखें ध्यान?
नए और महंगे कपड़ों को धोने के बाद निचोड़ने से बचें और उसे किसी ऐसी जगह पर सुखाएं जहां बिना सिलवटों के रखा जा सके।
घर पर धोते समय कपड़ों का टैग जरूर देखें, अगर उसमें धोने की मनाही है तो ऐसा करने से बचें।
कपड़े धोने से पहले कलर टेस्ट भी करें, इसके लिए किसी थोड़े से हिस्से को पहले पानी से धोकर चेक कर लें।
धोते समय कपड़ों को ज्यादा जोर से नहीं रगड़ना है और न ही वाशिंग मशीन में ड्राई करना है।
