विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूजा में चढ़े फूलों को फेंकने की जरूरत नहीं, इनसे घर पर ही बन जाएगी ऑर्गैनिक खाद; बेहद आसान है तरीका

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:00 PM (IST)

पूजा में चढ़ाए गए फूलों को फेंकने के बजाय घर पर ही ऑर्गैनिक खाद बनाई जा सकती है।

पूजा में चढ़ाए गए फूलों से बनाएं ऑर्गैनिक खाद (Image Source: AI Generated)

पूजा में चढ़ाए गए फूलों से बनाएं ऑर्गैनिक खाद (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पूजा-पाठ और त्योहारों के समय में घर में भगवान को जो फूल चढ़ाए जाते हैं, उन्हें फेंकने का मन नहीं करता, फिर शहरों में आसपास इतने नजदीक नदी भी नहीं कि उसमें बहा दिया जाए। अब सवाल यह भी है कि इन फूलों को आखिर कैसे इस्तेमाल में लाया जाए। 

ऐसे में अगर आप इन्हें हर बार फेंक देते है तो इस बार घर पर ही फूलों की ऑर्गैनिक खाद बनाने की सोचें। आइए आपको फूलों की ऑर्गैनिक खाद बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका बताते हैं। 

फूलों को इकट्ठा करना शुरू करें 

रोज पूजा में चढ़ाए जाने फूलों को कुछ दिनों तक इकट्ठा करना शुरू कर दें। उनमें से प्लास्टिक की पन्नी, रिबन या अगरबत्ती की लकड़ी को निकाल दें। 

छोटे टुकड़ों में काटें 

दूसरे स्टेप में फूलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेना है। यह तरीका फूलों को जल्दी गलने सड़ने में मदद करेगा, जिससे खाद बनाने की प्रक्रिया भी आसान होगी। आप इन्हें काटने के बजाय हाथों से भी मसल सकते हैं। 

खाद बनाने की प्रक्रिया शुरू करें 

अब एक पुराना गमला, कोई पुरानी छोटी बाल्टी या डिब्बा लेना है। इनमें छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि हवा और पानी को रास्ता मिल पाए। खाद के इस कंटेनर में सूखे पत्ते और थोड़ी सी मिट्टी डालनी है। ध्यान रहे कि उसकी परत बहुत पतली होनी चाहिए। यह परत नीचे नमी का संतुलन बनाने और कंपोस्टिंग में मदद करती है। 

फूलों में बाकी चीजें भी मिलाएं 

फूलों के साथ किचन में रखे फल और सब्जियों के छिलके भी मिला सकते हैं। यहां तक की आप खाद बनाने के लिए चाय बनाने के फेंकी जाने वाली चायपत्ती भी मिला सकते हैं। इसकी मदद से खाद पहले से ज्यादा पोषक तत्वों से भरपूर होगी। इन फूलों के साथ सभी चीजों को कंटेनर में डालें और फिर बदबू से बचने के लिए फूलों के ऊपर थोड़ी सी मिट्टी डालकर रख दें। 

हल्का पानी छिड़कें

कंटेनर में फूलों की परत तैयार होने के बाद जो मिट्टी डाली गई है, उसपर हल्का सा पानी छिड़क देना है। इस बात का ध्यान रखें कि ज्यादा पानी नहीं डालना है, वरना बदबू ज्यादा आने लगेगी। इतना पानी डालें कि मिट्टी हल्की सी गीली हो जाए। 

सही जगह रखें 

इस कंटेनर को खाद बनने के लिए छाया वाली जगह पर रख देना है। फिर हर 3-4 दिन में लकड़ी की मदद से खाद के मिश्रण को हल्का-फुल्का पलटते रहना है। करीब 20-30 दिनों के अंदर फूलों से बनी ऑर्गैनिक खाद बनकर तैयार हो जाएगी। इसका इस्तेमाल पौधों में डालने के लिए कर सकते हैं।