रोज पानी देने के बाद भी सूख रही है तुलसी? इन सीक्रेट ट्रिक्स से बरगद जैसा घना हो जाएगा आपका पौधा
कई बार पूरी देखभाल के बावजूद तुलसी का पौधा सूखने लगता है या उसकी पत्तियां पीली पड़कर गिरने लगती हैं। ...और पढ़ें

अचानक सूखने लगा है तुलसी का पौधा? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तुलसी का पौधा हिंदू धर्म में काफी महत्व रखता है। साथ ही, ये पौधा अपने औषधीय गुणों के लिए भी जाना जाता है। इसलिए तुलसी का पौधा लगभग हर घर में देखने को मिलता है और इसे हरा-भरा रखने के लिए लोग इसकी खूब देखभाल भी करते हैं।
हालांकि, कई बार पूरी देखभाल के बावजूद पौधा सूखने लगता है या उसकी पत्तियां पीली पड़कर गिरने लगती हैं। अगर आपका भी तुलसी का पौधा बार-बार सूख रहा है, तो चिंता न करें। कुछ बहुत ही आसान ट्रिक्स से आप अपने पौधे को फिर से घना और हरा-भरा बना सकते हैं।
मंजरी की सही समय पर छंटाई
तुलसी के पौधे में मंजरी आने लगती है, तो पौधा सारी एनर्जी बीजों को पकाने में लगा देता है। इससे पौधा बढ़ना बंद कर देता है और धीरे-धीरे सूखने लगता है। इसलिए जैसे ही पौधे पर मंजरी आए, उसे कैंची से काट दें। इससे पौधा अपनी एनर्जी नई पत्तियां उगाने में लगाएगा और पौधा हरा-भरा बना रहेगा।
ज्यादा पानी न दें
कई लोग तुलसी को बहुत ज्यादा पानी दे देते हैं, ताकि वो सूखे नहीं, लेकिन ये ज्यादा पानी भी पौधे को सुखा सकता है। ज्यादा पानी के कारण पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं, जिससे पौधा सूखने लगता है। इसलिए तुलसी के पौधे में पानी तभी डालें, जब गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखाई दे। अगर मिट्टी गिली है, तो पानी देने की जरूरत नहीं है। साथ ही, एक्स्ट्रा पानी निकलने के लिए गमले के नीचे छेद जरूर कर दें।
फंगस और कीड़ों से बचाएं
तुलसी की जड़ों या पत्तियों में काले कीड़े या फंगस लग जाते हैं, जो पौधे को सुखा देते हैं। इनसे पौधे को बचाना जरूरी है। एक चम्मच हल्दी पाउडर को पानी में घोलकर पौधे पर स्प्रे करें। इससे कीड़े दूर रहेंगे। आप एक लीटर पानी में कुछ बूंदे नीम का तेल मिलाकर भी छिड़क सकते हैं, जिससे फंगस और कीड़े पौधे के आस-पास नहीं आएंगे।
सही धूप है जरूरी
तुलसी के पौधे को हरा-भरा रहने के लिए अच्छी धूप की जरूरत होती है। हालांकि, बहुत तेज धूप में दिनभर रहने से भी पौधा सूख सकता है। इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां उसे 4-5 घंटे सुबह की धूप मिले। पौधे को हरा बनाए रखने के लिए ये जरूरी है। इसके अलावा, महीने में एक बार मिट्टी की गुड़ाई करें और वर्मीकंपोस्ट मिलाएं।
