तेल-धुएं से चिपचिपी हो गई किचन की दीवार? तो बिना महंगे क्लीनर के इन घरेलू नुस्खों से फिर से करें साफ सुथरी
रसोई की चिपचिपी दीवार को फिर से साफ सुथरा करने के लिए ये नुस्खे ट्राई करें।

रसोई की गंदी चिपचिपी दीवार साफ करने के हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हर घर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रसोई होती है, जहां से परिवार के सभी सदस्यों की सेहत जुड़ी हुई है। इसी वजह से रसोई का हर कोना साफ रखना जरूरी हो जाता है, पर अक्सर खाना बनाते समय तेल, भाप और धुएं से दीवार गंदी होने के साथ ही बहुत चिपचिपी भी हो जाती है।
ऐसे में अगर आप इसे साफ करने के तरीके ढूंढ रहे हैं तो आज की यह जानकारी आपके काम आ सकती है। आइए जानें कि किचन की चिपचिपी दीवार को कैसे साफ किया जा सकता है:
सिरका
सिरके को नेचुरल क्लीनर के तौर पर जाना जाता है। इससे रसोई की दीवार को साफ करना आसान है। 3 चम्मच सिरके में 3 चम्मच यानी बराबर मात्रा में पानी मिक्स करके घोल तैयार कर लें। इस पानी को स्प्रे बोतल में भरकर रखें और चिपचिपी जगह पर स्प्रे करने के बाद कम से कम 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। थोड़ी देर बाद एक नरम कपड़ा लेकर उसे साफ कर लें।
नींबू का रस
दीवार के चिकने दाग को हटाने के लिए नींबू का रस भी असरदार साबित हो सकता है। 2 नींबू को अच्छे से निचोड़कर उसका रस निकाल लें। उसे दाग वाली जगह पर लगाकर 15 मिनट के लिए छोड़ देना है। इसके बाद सूती गीले कपड़े से साफ कर लेना है।
बेकिंग सोडा
एक कटोरी में 4-5 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और उसके साथ थोड़ी मात्रा में गर्म पानी मिलाकर पेस्ट तैयार कर लेना है। इस मिश्रण को चिपचिपी दीवार पर कम से कम 5-6 मिनट लगाकर छोड़ दें और फिर गीले कपड़े से साफ कर लें।
कॉर्न स्टार्च
किचन की दीवार से पुरानी ग्रीस हटाने के लिए कॉर्न स्टार्च इस्तेमाल में लाएं। इसके लिए 2 चम्मच कॉर्न स्टार्च लें और उसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें। इसे दीवार पर लगाकर सूख जाने दें और फिर स्पंज की मदद से रगड़कर साफ कर लें। ध्यान रहे कि हल्के हाथ से स्पंज उपयोग करना है।
डिशवॉश लिक्विड
दीवार हल्की गंदी होने पर 1 छोटी बाल्टी में गर्म पानी के साथ 1 चम्मच डिशवॉश लिक्विड मिला देना है। स्पंज को गीला करके इसे दीवार पर अप्लाई करें और फिर 2-3 मिनट बाद हल्के हाथ से क्लीन कर लें। ध्यान रहे कि ज्यादा रगड़ने से दीवार खराब भी हो सकती है।
