गलत धुलाई से बिगड़ सकती है महंगी साड़ी, फैब्रिक के हिसाब से ऐसे करें देखभाल; सालों साल रहेगी नई जैसी
साड़ी के फैब्रिक के हिसाब से समझें उनकी केयर करने का तरीका।

साड़ियों के देखभाल के तरीके (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। साड़ी की देखभाल पूरी तरह से उसके कपड़े पर निर्भर करती हैं। सिल्क,, कांजीवरम और लिनन साड़ियों को जहां अलग केयर की जरूरत होती है, तो वहीं हेवी वर्क वाली जरी की साड़ियों को रखने का तरीका थोड़ा अलग होता है।
अगर आपके वार्डरोब में भी तरह-तरह की साड़ियां हैं और आप उनकी देखभाल का तरीका जानना चाहती हैं, तो यहां बताए गए टिप्स जरूर फॉलो करें।
लहरिया और बांधनी साड़ियां
लहरिया और बांधनी साड़ियां खरीदने पर उन्हें पहली बार में ठंडे पानी और साबुन से धोकर देखें कि कहीं उनका रंग तो नहीं निकल रहा। इस बात का भी ध्यान रखें कि इन साड़ियों को धूप में नहीं, छांव में सुखाना सही माना जाता है।
जॉर्जेट और शिफॉन की साड़ियां
जॉर्जेट और शिफॉन की साड़ियों को हमेशा ठंडे पानी और माइल्ड डिटर्जेंट से धोना चाहिए। इन्हें सीधे सुखाने के लिए नहीं डालना होता, पहले तौलिए में लपेटकर इनका पानी सोख लें और उसके बाद छांव में सूखने के लिए डालें।
बनारसी सिल्क और कांजीवरम की साड़ियां
बनारसी सिल्क और कांजीवरम की साड़ियों को धूप की सीधी रोशनी से बचाना चाहिए क्योंकि धूप से इनका रंग फीका पड़ जाता है। जब भी इन्हें अलमारी में रखें तो मलमल या सूती कपड़े में अच्छे से लपेटकर ठंडी और अंधेरी जगह पर रखें, जहां थोड़ी बहुत हवा भी आती रहे।
हाथ की कढ़ाई और जरी की साड़ियां
हेवी एम्ब्रॉइडरी, सीक्वीन, जरी और स्टोन के काम वाली साड़ी को स्टोर करने का तरीका अलग होता है। इसके लिए मलमल या टिश्यू पेपर में पहले लपेटें और उसके बाद स्टोर करें। इसके अलावा, इन साड़ियों को परफ्यूम और नमी से भी दूर रखना चाहिए।
ऑर्गेंजा और टिश्यू साड़ियां
ऑर्गेंजा और टिश्यू साड़ियों को एकदम हल्के से रोल करके तह लगानी चाहिए। अगर इनमें जरी या मैटेलिक काम ज्यादा हो तो घर पर धोने के बजाय ड्राई क्लीनिंग का विकल्प चुनें।
लिनन की साड़ियां
लिनन की साड़ियों को ठंडे पानी में धोकर हवा में सुखाना सही रहता है। साड़ी को फैलने से बचाने के लिए हैंगर पर सुखाने का तरीका अपनाएं। इन साड़ियों को हल्की नमी में आयरन करने से सिलवटें जल्दी निकल जाती है।
सूती या जामदानी हैंडलूम साड़ियां
अगर आप सूती या जामदानी साड़ी का लुक निखारना चाहते हैं तो इसके लिए स्टार्च का इस्तेमाल करें। इसका रंग शुरू-शुरू में छूट सकता है, इससे बचने के लिए साड़ी को अलग धो लें। इन्हें धूप में सुखाएं और हल्की नमी में ही आयरन करें।
