सीजन कोई भी हो, घर के गमले से मिलेगा फ्रेश-ऑर्गेनिक पालक; यहां पढ़ें उगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
मार्केट के पेस्टिसाइड्स वाले पालक से बचने के लिए आप घर के गमले में आसानी से ऑर्गेनिक पालक उगा सकते हैं।

ताजे पालक की होम-फार्मिंग (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार से लाया हुआ पालक अक्सर कीटनाशकों से भरा होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप अपने घर की बालकनी या छत पर बहुत आसानी से बिल्कुल फ्रेश और ऑर्गेनिक पालक उगा सकते हैं?
जी हां, सबसे अच्छी बात यह है कि पालक बहुत तेजी से बढ़ता है और इसे उगाने के लिए आपको किसी बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है। बस एक गमला और थोड़ी-सी देखभाल आपको हर मौसम में ताजी हरी पत्तियां दे सकती है।

(Image Source: AI-Generated)
सही गमला और मिट्टी चुनें
पालक की जड़ें ज्यादा गहरी नहीं जातीं, इसलिए 6 से 8 इंच गहरा और चौड़े मुंह वाला गमला या ग्रो बैग लें। गमले के नीचे पानी निकलने के लिए ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए। मिट्टी तैयार करने के लिए 50% सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30% कोकोपीट और 20% गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट को अच्छे से मिला लें।
बीज बोने का तरीका
अच्छी क्वालिटी के पालक के बीज लें और उन्हें तैयार मिट्टी के ऊपर समान रूप से बिखेर दें। अब इन बीजों के ऊपर मिट्टी या कोकोपीट की एक बहुत ही पतली परत बिछा दें। बीजों को बहुत गहराई में दबाने से वे अंकुरित नहीं हो पाते।
पानी देने का नियम
बीज बोने के तुरंत बाद मिट्टी पर स्प्रे बोतल की मदद से पानी छिड़कें। मग या पाइप से तेज पानी डालने से बीज अपनी जगह से हट सकते हैं। मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें और उसमें हमेशा हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन ध्यान रहे कि गमले में बहुत ज्यादा पानी न भरें।
धूप का रखें खास ख्याल
पालक को बहुत तेज धूप की जरूरत नहीं होती। गमले को ऐसी जगह रखें जहां इसे दिन में 3 से 4 घंटे की हल्की धूप मिल सके। अगर आप इसे तेज गर्मियों में उगा रहे हैं, तो दोपहर की तेज और झुलसाने वाली धूप से बचाकर इसे किसी ऐसी जगह रखें जहां छनकर धूप आती हो।
हार्वेस्टिंग का सही समय
लगभग 30 से 40 दिनों के अंदर आपका ऑर्गेनिक पालक कटाई के लिए बिल्कुल तैयार हो जाएगा। इसे कभी भी जड़ से न उखाड़ें। इसके बजाय, बाहर की तरफ मौजूद बड़े पत्तों को कैंची या चाकू से काट लें और बीच के छोटे पत्तों को बढ़ने के लिए छोड़ दें।
इस आसान तरीके से आप एक ही पौधे से कई बार ताजा पालक हासिल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- फ्लैट की छोटी बाल्कनी में भी आसानी से उगाएं ताजी सब्जियां, बिना मेहनत के तैयार हो जाते हैं ये पौधे
यह भी पढ़ें- लाखों की कीमत वाला केसर घर में उगाएं एकदम फ्री! नोट करें मिट्टी और रोपाई का सही तरीका
