विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों के चहेते मिकी माउस-डोनाल्ड डक के कार्टूनिस्ट की कहानी, छोटे से गैराज और पेंसिल से खड़ा किया था डिज्नी लैंड

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:15 AM (GMT+05:30)

वाल्ट डिज्नी के 125वें जन्मवर्ष पर आइए मिकी माउस और डोनाल्ड डक कार्टून बनने की कहानी जानते हैं। 

बच्चों के फेवरेट डिज्नी लैंड की कहानी (Image Source: Disney Channel- IMDB)

बच्चों के फेवरेट डिज्नी लैंड की कहानी (Image Source: Disney Channel- IMDB)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

आरती तिवारी, नोएडा। यह कहानी है एक गैराज से शुरू होकर समंदर तक फैले सपनों के संसार की। कैसे एक कार्टूनिस्ट ने रचा दुनिया का सबसे बड़ा मनोरंजन साम्राज्य, वाल्ट डिज्नी के 125वें जन्मवर्ष पर इसका इतिहास जानते हैं।

5 दिसंबर 1901 को शिकागो में जन्मे वाल्ट डिज्नी ने मनोरंजन की परिभाषा बदल दी। शुरुआत बेहद साधारण थी। एक छोटे से गैराज में पेंसिल और कागज के साथ उन्होंने एनिमेशन के प्रयोग शुरू किए। शुरुआती असफलताओं और आर्थिक तंगी ने उनके कदम नहीं रोके। 1928 में मिकी माउस के जन्म ने इस संघर्ष को नई दिशा दी। 

आवाज के साथ आए पहले कार्टून 'स्टीमबोट विली' ने दर्शकों को चौंका दिया। यह तकनीक और कला के मेल का एक नया अध्याय था।

कालजयी पात्रों की दुनिया

डिज्नी की सबसे बड़ी ताकत उसके पात्र रहे हैं। मिकी माउस, डोनाल्ड डक और गूफी ने दशकों तक हर उम्र के लोगों के मन पर राज किया। 1937 में 'स्नो वाइट एंड द सेवन ड्वार्फ्स' के रूप में पहली पूर्ण लंबाई वाली एनिमेटेड फिल्म बनाकर उन्होंने उद्योग के सभी अनुमानों को गलत साबित कर दिया। 

सिंड्रेला, सिंबा, एल्सा और वुडी जैसे पात्र केवल स्क्रीन तक सीमित नहीं रहे। वे खिलौनों, किताबों और कपड़ों के माध्यम से हर घर का हिस्सा बन गए। डिज्नी की कहानियों में मानवीय संवेदनाओं, साहस और संघर्ष को सरल ढंग से पिरोया गया। आज की पीढ़ी भी इन किरदारों में अपनी चुनौतियों का समाधान और आगे बढ़ने की प्रेरणा खोजती है।

धरती पर रचा परीलोक

1955 में कैलिफोर्निया के एनाहाइम में पहले डिज्नीलैंड के खुलने के साथ डिज्नी ने एक नया प्रयोग किया। वे एक ऐसी जगह बनाना चाहते थे जहां माता-पिता और बच्चे एक साथ आनंद ले सकें। यह विचार सफल रहा। आज फ्लोरिडा के वाल्ट डिज्नी वर्ल्ड से लेकर पेरिस, टोक्यो, हांगकांग और शंघाई तक इस साम्राज्य का विस्तार है। इन थीम पार्कों ने पर्यटन के मानक बदल दिए। भव्य महल, सटीक इंजीनियरिंग वाली राइड्स और हर कोने में मौजूद पात्रों ने इन जगहों को आधुनिक दौर का परीलोक बना दिया।

समुद्र में तैरता साम्राज्य

डिज्नी का विस्तार केवल जमीन तक सीमित नहीं रहा। 1998 में 'डिज्नी क्रूज लाइन' की शुरुआत के साथ कंपनी ने समुद्री पर्यटन में कदम रखा। डिज्नी मैजिक, डिज्नी वंडर और डिज्नी विश जैसे विशाल जहाज समुद्र पर तैरते हुए रिसार्ट हैं। इन क्रूज जहाजों पर पारिवारिक मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा जाता है। ब्राडवे शैली के लाइव शो, थीम आधारित डाइनिंग और जहाज के डेक पर आतिशबाजी इन्हें साधारण क्रूज से अलग बनाती है। बहामास में कंपनी का अपना निजी द्वीप 'कास्टअवे के' इस समुद्री अनुभव को और खास बनाता है।

प्रेरणा के 125 साल

एक सामान्य परिवार से निकले इस कलाकार ने साबित किया कि कल्पना की कोई सीमा नहीं होती, कोई कमी सपनों को साकार करने के आड़े नहीं आ सकती। इस वर्ष दुनिया भर में '125 इयर्स आफ इंस्पिरेशन' थीम के तहत वाल्ट डिज्नी की विरासत का जश्न मनाया जा रहा है। कैलिफोर्निया के भव्यफैन इवेंट से लेकर उनके बचपन के शहर मार्सेलिन तक विशेष प्रदर्शनियां और समारोह आयोजित हुए हैं। पिक्सार, मार्वल और स्टार वार्स जैसे आधुनिक यूनिवर्स अब इसी विशाल परिवार का हिस्सा हैं। आज मोबाइल स्क्रीन पर मौजूद डिज्नी प्लस से लेकर वर्चुअल रियलिटी तक, उनकी सोच नई पीढ़ी के मनोरंजन को आकार दे रही है।

क्या सीख सकते हैं किशोर? 

  • असफलता से सीखें: शुरुआती प्रोजेक्ट्स के फ्लाप होने और दिवालिया होने के बाद भी वाल्ट डिज्नी ने हार नहीं मानी। गलतियों को सुधारना ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

  • तकनीक को अपनाएं: उन्होंने समय के साथ रंगीन फिल्मों और ध्वनि तकनीक को सबसे पहले अपनाया। करियर में आगे बढ़ने के लिए नई स्किल्स सीखते रहें।

  • कहानी कहने की कला: आज एनिमेशन, गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन में अपार संभावनाएं हैं। अच्छी कहानी कहने की क्षमता आपको भीड़ से अलग बनाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।